बीकानेर स्व. श्री झंवरलाल व्यास ‘रंगीला’ स्मृति में गठित रंगीला फाउण्डेशन के तत्वावधान में राजकीय फोर्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय के राजीव गांधी मार्ग पर स्थित क्रीडा संगम हॉल में प्रथम राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आगाज मुख्य अतिथि सांसद अर्जुनराम मेघवाल व कार्यक्रम अध्यक्ष महापौर भवानीशंकर शर्मा ने मोहरा चलकर की। इस अवसर पर अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि शतरंज दिमागी कसरत का खेल है। इसे खिलाडी की बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ खेल कौशल का भी विकास होता है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने वाले संस्था का आभार प्रकट करते हुए उम्मीद जताई कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से राज्य को और ग्रांड मास्टर मिल सकते है। अध्यक्षता करते हुए महापौर भवानीशंकर शर्मा ने कहा कि बीकानेर में खेलों की गौरवशाली परंपरा रही है। स्व.रंगीला खेल के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनकी याद में इस प्रकार के आयोजन उन्हें सच्ची श्रद्धाजंलि देने वाला है। आयोजन सचिव राज्य शतरंज संघ के पदाधिकारी एस.एल. हर्ष ने बताया कि प्रतियोगिता में कई रेटेड खिलाडी भाग ले रहे है। उन्होंने बेहतर खेल वातावरण देने का विश्वास सभी को दिलाया। इससे पूर्व अतिथियों ने स्व.झंवरलाल व्यास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।संस्था के अध्यक्ष बसंत व्यास ने बताया कि प्रतियोगिता 6 चक्रों में आयोजित की जाएगी और सभी प्रतिभागियों को समस्त 6 चक्र खेलने होंगे तथा सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाले को विजेता घोषित किया जायेगा। इस मौके पर मनोज व्यास, जुगल व्यास, डी.पी. छींपा, शिवाजी आहूजा, मनीष जोशी, भरत पुरोहित, अनिल बोडा सहित अनेक खिलाडी व गणमान्य उपस्थित थे। आभार व्यक्त करते हुए साइक्लिंग संघ के सचिव रामनाथ आचार्य ने महापौर से गणतंत्र दिवस पर सम्मानित किए जाने वालों में खेल लेखकों को भी शामिल करने की मंाग की। संचालन आत्माराम भाटी ने किया।