मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर जन समस्याओं की सुनवाई के लिए नई व्यवस्था
1 Aug
2007
प्रतिदिन शाम ४ से ६ बजे तक होगी सुनवाई
हनुमानगढ , १ अगस्त। राज्य सरकार से प्राप्त निर्देशों की अनुपालना में जिला प्रशासन ने जिले के दूरदराज से जनसमस्याओं को लेकर आने वाले लोगों की सुनवाई व सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत जिला कलक्टर सहित छः अधिकारी सप्ताह के प्रत्येक दिन शाम ४ से ६ बजे तक जिला कलक्टर कार्यालय में लोगों की सुनवाई करेंगे। जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी जिलों में जनसम्फ व जन सुवनाई के लिए उक्त प्रकार की व्यवस्था करने के निर्देश प्राप्त हुए है । उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों से प्रतिदिन बडी संख्या में लोग राजस्व विभाग एवं अन्य विभागों से सम्बन्धित कार्यो की फरियाद लेकर जिला कलक्टर कार्यालय में आते है। उनकी सुविधा को देखते हुए प्रतिदिन सुनवाई का कार्यक्रम तय किया गया है। इस सम्बन्ध में जिला कलैक्ट्रेट में समाधान की खिडकी पर प्रतिदिन एक अधिकारी शाम ४ से ६ बजे तक लोगों की सुनवाई करेगा। सोमवार को स्वयं जिला कलक्टर लोगों की सुनवाई करेंगी। मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री हनुमान सिंह शेखावत, बुधवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री फतेहराय सोनी, गुरुवार को उपखण्ड अधिकारी श्री राजनारायण शर्मा , शुक्रवार को जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरलाल सारण, तथा शनिवार को मुख्य आयोजना अधिकारी श्री ओम प्रकाश मांझू जन सुनवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि ये अधिकारीगण प्रतिदिन प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों को समाधान के तहत सिंगल विण्डो में दर्ज करवाकर एक निर्धारित समयावधि में इसका निस्तारण करवाएंगे।
|