बीकानेर। कोठारी अस्पताल इलाके में आज सुबह गंदे नाले की सफाई के दौरान बरामद हुए कारतूसों के जखीरे से मौके पर सनसनी सी फैल गयी। सफाई कर्मियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा मौके से बरामद किए गए तकरीबन 48 कारतूस जिंदा है या चले हुए इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, मगर कयास लगाये जा रहे है कि ज्यादा दिनों तक गंदे नाले में पडे रहने के कारण सभी कारतूस खराब हो चुके है। फिलहाल नयाशहर थाना पुलिस ने इस मामले की जांच पडताल में जुटी है। सूत्रों के अनुसार मौके पर गंदे नाले से बरामद कारतूसों में से 25 कारतूस तो रिवाल्वर के 18 कारतूस, 303 पिस्टल के और 5 कारतूस देशी कट्टे के बताये जाते है। जिनकी जांच के लिए लाइन पुलिस से आर्म्स विशेषज्ञ को बुलाया गया है। कारतूस बरामद होने की इत्तला नयाशहर थाना पुलिस द्वारा जिला पुलिस के आला अफसरों को दे दी गयी है, जिनके दिशा निर्देश पर जांच पडताल और कानूनी कार्यवाही दर्ज होगी।