हनुमानगढ,१ अक्टूबर । गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मध्यनजर कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार विमर्श के लिए सोमवार को जिला कलैक्ट्रेट में एक बैठक आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने अन्य जिलों में गिरफ्तार लोगों की जिले में सम्भावित आवक के मध्यनजर अस्थाई जेलों एवं उनसे सम्बन्धित व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में अस्थाई जेलों के लिए चिन्हित स्थानों पर सम्बन्धित उपखण्ड अधिकारी समस्त व्यवस्थाओं के प्रभारी होंगे। अन्य जिलों से गिरफ्तार लोगों को हनुमानगढ में लाए जाने की स्थिति में अस्थाई जेलों में चिकित्सा, भोजन, पेयजल स्वच्छता एवं साफ-सफाई, शौचालयों की व्यवस्था आदि के बारे में सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया ।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक श्री एच.जी.राघवेन्द्र सुहासा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कयाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री हनुमान सिंह शेखावत, अतिरिक्त जिला कलक्टर नोहर श्री हुक्मचंद्र गोदारा, हनुमानगढ, नोहर , भादरा, रावतसर के उपखण्ड अधिकारी के अलावा जलदाय विभाग व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता , नगरपालिका,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उद्योग, रसद, जेल, आदि से सम्बंधित अधिकारी मौजूद थे।