डूंगरपुर १ नवंबर/रंगारंग वागड महोत्सव २००७ को भव्य रूप से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा जोरशोर से तैयारियां की जा रही है और देश-प्रदेश के ख्यातनाम कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक संध्याओं के आयोजन के लिए संफ किया जा रहा है। इन आयोजनों के साथ ही महोत्सव के तहत आगामी २२ नवंबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि कवि सम्मेलन में लाफ्टर शो कलाकार व हास्यरस के कवि प्रताप फौजदार (मुम्बई), वीर रस के ख्यातनाम कवि विनीत चौहान (अलवर), हास्य कवि रासबिहारी गौड (अजमेर), ऐकेश पार्थ (जयपुर), मंजू दीक्षित (आगरा), गीतकार विष्णु सक्सेना (सिकन्दराबाद), पद्म अलबेला (अलीगढ), प्रवीण शुक्ल (दिल्ली) तथा संजय झाला (दौसा) अपनी रचनाओं की प्रस्तुतियां देंगे।
कवि सम्मेलन स्थानीय लक्ष्मण मैदान में ही आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं।