आरएएस बनिए, प्रशासन के संग
1 Nov
2007
कार्यक्रम विशेष पुस्तकालय के लिए भामाशाहों का सहयोग जारी, लोकेश गांधी ने दी समसामयिक विषयों की पुस्तकें
डूंगरपुर १ नवंबर/जनजाति अंचल की प्रतिभाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने हेतु उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए जिला कलक्टर नीरज के. पवन की पहल पर जिले में चलाये जा रहे कार्यक्रम ’आर ए एस बनिए, प्रशासन के संग‘ के तहत स्थानीय सूचना एवं जनसंफ कार्यालय में स्थापित विशेष पुस्तकालय जहां अभ्यर्थियों को संबल प्रदान कर रहा है वहीं इस पुस्तकालय को प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों व भामाशाहों द्वारा भी सहयोग देने का सिलसिला जारी है।
जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने बताया कि ’आर ए एस बनिए, प्रशासन के संग कार्यक्रम‘ के तहत विगत १३ सितंबर से जनसंफ कार्यालय में प्रारंभ इस पुस्तकालय के लिए स्वर्गीय डॉ. कन्हैयालाल गांधी मेमोरियल फाउण्डेशन के लोकेश गांधी द्वारा समसामयिक विषयों की एक हजार रूपये मूल्य की पुस्तकें प्रदान की गई है। इस पुस्तकालय में पूर्व से ही चौरासी विधायक श्री सुशील कटारा की ओर से समस्त दैनिक समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है
उन्होंने बताया कि इस पुस्तकालय में आर.ए.एस. परीक्षा से संबधित विभिन्न प्रकार की संदर्भ व सहायक सामग्री संकलित कर रखी गई है। पुस्तकालय में डूंगरपुर शहर के अतिरिक्त जिले के दूर - दराज के ग्रामीण क्षेत्रें के अभ्यर्थी भी बडी संख्या में पहुंच रहे हैं तथा उपलब्ध सामग्री से लाभान्वित हो रहे हैं। वर्तमान में पुस्तकालय में पंजीकरण पूर्णतया निःशुल्क है।
सूजस साम्रगी आकर्षण का केन्द्र
पुस्तकालय में सूचना एवं जनसंफ निदेशालय द्वारा प्रकाशित १२४६ पृष्ठों की विशाल ’राजस्थान सुजस संचय‘ पुस्तक के साथ ही राजस्थान की संस्कृति पर प्रकाशित बहुपयोगी ’सुजस सांस्कृतिकी‘ व सुजस द्विमासिक के गत वर्षों के विभिन्न उपयोगी संस्करण रखे गए हैं। इसके अलावा निदेशालय द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रकाशित विभिन्न पत्र-पत्रिकाएं व अन्य सामग्री भी संदर्भ रूप में परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई है, जो परीक्षार्थियों के विशेष आकर्षण का केन्द्र है।
|