पार्षद पद हमले के आरोपी गिरफ्तार
2 Feb
2008
नगरपालिका परिसर में पार्षद पर हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के घंटे बाद ही आरोपी कर्मचारी व उसके ठेकेदार भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार शाम दोनों आरोपियों को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया जहां से इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की जांच कर रहे पुलिस उप अधीक्षक नाजिम अली खान ने बताया कि शनिवार सुबह मौका नक्शा बनाने के बाद उन्होंने गवाहों के बयान लिये तथा दोनों आरोपी पालिका कर्मचारी दुलाराम डूडी व ठेकेदार रमेश डूडी को गिरफ्तार कर लिया। शाम को दोनों अभियुक्तों को न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया जहां से इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिये गये। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम यहां नगरपालिका परिसर में पालिका कर्मचारी दुलाराम डूडी व ठेकेदार रमेश डूडी ने पार्षद जगदीश मेघवाल से मारपीट की थी। घटना के बाद पालिकाध्यक्ष इकबाल मोहम्मद कुरैशी व उपाध्यक्ष विनोद पाटनी के नेतृत्व में पार्षद थाने पहुंचे व आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। जांच अधिकारी पुलिस उप अधीक्षक नाजिम अली खान ने सुबह अनुसंधान शुरू कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया तथा बाद में गवाहों के बयान लेकर दोपहर को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच इस घटना को लेकर पार्षदों ने नगरपालिका में बैठक बुलाई। उपाध्यक्ष विनोद पाटनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सभी पार्षदों ने शुक्रवार की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए आरोपियों के प्रति रोष प्रकट किया। बैठक में पार्षद मोहनसिंह, राजेन्द्र ताखर, अजय धींगडा, ब्रह्मप्रकाश डागला, परमजीतसिंह पम्मी, चेतन सोनगरा, मंगलाराम घोयल, खुशालसिंह, रोशनलाल शर्मा, श्रवण स्वामी, जगदीश मेघवाल, सुभाष सैनी, टोनी भाट, मनोनीत पार्षद रेंवताराम मेघवाल, पार्षदपति कृष्ण गोदारा, मोहनलाल सरस्वा, श्याम गोदारा, कुलदीप अरोडा व युवा कांग्रेसी नेता सलीम कुरैशी उपस्थित थे। पार्षदों ने कल की घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के साथ एक सरकारी कर्मचारी का यह व्यवहार सर्वथा निन्दनीय है। पार्षदों ने बैठक में उपस्थित अधिशाषी अधिकारी भंवरलाल सोनी से आरोपी कर्मचारी दुलाराम डूडी को निलम्बित करने व डूडी कंस्ट्रक्शन कम्पनी का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की मांग की गई।
|