जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि समाज की महान् विभूतियों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा एवं समाज को कुछ देने का प्रण लेकर चलें तो हम स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। शेखावत रविवार को यहां पिंकसिटी प्रेस क्लब में कल्याण सिंह कालवी स्मृति संस्थान द्वारा स्व. कालवी की 17वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रृद्घांजलि सभा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को अध्यक्ष पद से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी स्व. कल्याण सिंह कालवी अपनी प्रतिभा के बल पर सरपंच से केन्द्रीय मंत्री पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्व. कालवी केवल एक समाज के नहीं अपितु पूरा देश उनका था और वे पूरे देश के थे। उन्होंने इस अवसर पर सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि जिस प्रकार कालवी ने बहुत कम समय में ख्याति अर्जित की, उसी के अनुसार वे उनके गुणों को अपने जीवन में आत्मसात करें। समारोह के मुख्य अतिथि सांसद गोपाल सिंह शेखावत ने स्व. कालवी के साथ अपने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि वे राजनीति में सुलझे एवं जमीन से जुडे व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि समाज को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि पीडित की मदद करना तथा सबको साथ लेकर चलना स्व. कालवी की विशेषता थी। उन्होंने कहा कि गांव हमारी पहचान हैं और हमें इससे जुडे रहना चाहिए। विधायक राजेन्द्र सिंह गुढा ने कहा कि स्व. कालवी समाज के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनके मन में कमजोर व्यक्ति के लिए पीडा थी तथा वे उसकी मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं सर्वश्री फतेह सिंह, विजय सिंह, शहीद मेजर भानुप्रताप सिंह के पिता, श्रीमती सुनीता शेखावत, प्रो. राजेन्द्र सिंह खंगारोत, श्री अजयसिंह राठौड, श्री रघुवीर शेखावत, मगन सिंह नाथावत, कल्याण सिंह राजावत, हिन्दू सिंह सोढा, जूझार सिंह भाटी, श्रीपाल शक्तावत तथा श्री जितेन्द्र सिंह शेखावत को विधानसभाध्यक्ष श्री दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने स्मृति चिन्ह एवं गोपाल सिंह, प्रताप सिंह खाचरियावास, राजेन्द्र सिंह गुढा तथा लोकेन्द्र सिंह कालवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह के अन्त में श्री राजपूत करणी सेना के संस्थापक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा स्व. कालवी एवं पूर्व सांसद श्रीमती गायत्री देवी की स्मृति में दो मिनिट का मौन रखकर उन्हें श्रद्घांजलि दी गई।