पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने डॉ. राजेश कुमार व्यास को उनकी पुस्तक ’’भारत में पर्यटन‘‘ को उत्कृष्ट लेखन का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया है। विभाग द्वारा डॉ. राजेश कुमार व्यास को उत्कृष्ट लेखन कृति के अंतर्गत वर्ष 2009 का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया है। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 20 हजार रू. राशि का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन पर हिन्दी में मौलिक लेखन के लिए प्रतिवर्ष यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार के अंतर्गत 20 हजार रू., द्वितीय के अंतर्गत 16 हजार तथा तृतीय पुरस्कार के अंतर्गत 10 हजार एवं सांत्वना पुरस्कार के अंतर्गत किसी एक लेखक को ६ हजार रू. राशि का अवार्ड प्रदान किया जाता है।
राजस्थानी एवं हिन्दी के कवि, आलोचक एवं स्तम्भकार तथा सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी है। दूरदर्शन जयपुर वर्तमान में उनका लिखा यात्रा वृतान्त धारावाहिक ’डेजर्ट कॉलिंग‘ का प्रसारण कर रहा है। पर्यटन, कला एवं साहित्य पर उनकी अब तक 16 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी है। केन्द्रीय साहित्य अकादमी द्वारा वर्ष 2001-02 में लेखक फैलोशिप प्राप्त डॉ. व्यास को इससे पहले जनसम्फ पत्रकारिता का विशिष्ट माणक अलंकरण, पर्यटन का प्रतिष्ठित ’राहुल सांकृत्यायन‘ अवार्ड भी मिल चुके हैं।
वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय में पर्यटन प्रबंध का उनका लिखा पाठ्यक्रम ही पढाया जाता है। वे केन्द्र सरकार के भारतीय पर्यटन प्रबंध संस्थान, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, इन्दिरा गाँधी खुला विश्वविद्यालय आदि संस्थानों में पर्यटन के विशेष आमंत्रित व्याख्याता, परीक्षक भी हैं। हाल ही में राजस्थान हिन्दी ग्रंथ अकादमी ने भी उनकी ’सांस्कृतिक पर्यटन‘ पुस्तक प्रकाशित की है।