बीकानेर संवाददाता, २ अक्टूबर। गर्भस्थ शिशु संरक्षण समिति राजस्थान के द्वारा ’’गर्भपात एक निरपराध जीवित मनुष्य की हत्या‘‘ नामक पोस्टर एवंम् गर्भ का बच्चा करें पुकार, मेरी मैया मुझे ना मार‘‘ नामक स्टीकर का विमोचन उपमहापंजीयक एम.एल.नेहरा द्वारा किया गया । इस अवसर पर श्री नेहरा ने कहा कि भ्रुण हत्या एक अपराध और सामाजिक बुराई है, इसे रोकने हेतु सामाजिक शिक्षण की महती जरूरत है। वरना लिंग अनुपात गडबडाने से कालान्तर में कई मुसीबतें प्रकट होगी।
इस अवसर पर संस्था प्रदेशाध्यक्ष रामकिशोर तिवाडी ने कहा कि भ्रुण हत्याएँ सभ्यता का दम्भ भरने वाले समाज पर कलंक और पाशविकता की पराकाष्ठा है। उन्होनें बताया कि अगामी ६-७ अक्टूबर को संस्था का अष्टम प्रांतीय सम्मेलन भीलवाडा शहर में होने जा रहा है, जिसमें राजस्थान प्रांत की ७५ शाखाओं के प्रतिनिधि पहुँच कर चिंतन कर अगामी कार्य योजना तय कर जन जागरण के यज्ञ में अपनी आहूति देंगे।
तिवाडी ने बताया कि प्रांतीय सम्मेलन में उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती गिरीजा व्यास और कार्यक्रम अध्यक्ष नारायण सेवा संस्थान उदयपुर के मुख्य ट्रस्टी श्री कैलाश मानव होंगे। जन जागरण रैली को भीलवाडा के पुलिस अधीक्षक मोहन सिंह झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम के दूसरे रोज समापन अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती तारा भंडारी व रतनगढ के विधायक राजकुमार रिणवा अतिथि होंगे।
बीकानेर महानगर अध्यक्ष पं. चन्द्रशेखर गौड ने बताया कि ५ अक्टूबर को बीकानेर जिले के कार्यकर्ता सैटेलाइट अस्पताल के पास संगठन के प्रदेशाध्यक्ष तिवाडी की अगुवाई में भीलवाडा को प्रस्थान करेंगे।