जयपुर, ३ जनवरी। राज्य की डिस्कस थ्रो खिलाडी श्रीमती कृष्णा पूनिया को बीजिंग ओलम्पिक में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार करने के उद्देश्य से अमरीका में उत्कृष्ट स्तर के प्रशिक्षण के लिए राज्य सरकार ने दस लाख रुपये का विशेष अनुदान उपलब्ध कराया है।
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के निर्देश पर श्रीमती पूनिया को उक्त अनुदान राशि स्वीकृत की गयी है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री की पहल पर उन्हें पांच लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करायी थी।
राज्य सरकार की ओर से मार्च, २००६ में स्वीकृत राशि से प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात् श्रीमती कृष्णा पूनिया ने दिसम्बर, २००६ में आयोजित दोहा एशियन गेम्स में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया था।
श्रीमती पूनिया की डिस्कस थ्रो में उच्चतम उपलब्धि ६१.५३ मीटर की है जबकि पिछले ओलम्पिक में ६४.२० मीटर तक डिस्कस थ्रो में दूरी अर्जित करने वाले खिलाडियों को कांस्य पदक मिला था।
भारतीय खेल प्राधिकरण, पटियाला के मुख्य एथलीट कोच पद्मश्री बहादुर सिंह ने श्रीमती पूनिया को विशेष प्रशिक्षण देने के लिए राज्य सरकार से सहायता उपलब्ध कराने की सिफारिश की थी जिससे श्रीमती पूनिया की ओलम्पिक पदक प्राप्ति की विपुल संभावनाएं आंकी जा रही है।