बीकानेर, एक ही छत के नीचे सामूहिक विवाह आज समय की आवश्यकता है। आर्थिक युग को देखते हुए हम सभी को इसके लिये सामूहिक प्रयास करना चाहिए। ये उद्गार अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन में आयोजित महिला जागृति सम्मेलन में अध्यक्ष पद से बोलती हुई वयोवृद्घ समाज सेविका रंभा देवी व्यास ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव करने से समाज की उन्नति भी होगी और समाज पुनः अपनी पौराणिक परम्पराओं की ओर लौटेगा। पार्षद राजकुमारी आचार्य ने कहा कि एक ही छत के नीचे सामूहिक विवाह की सोच के सार्थक परिणाम सामने आयेंगे। कविता व्यास ने कहा कि सामूहिक विवाह से समाज में पनप रही कुरीतियों पर विराम तो लगेगा ही साथ ही समय व धन की बचत हेगी। व्यास ने वैवाहिक रीति रिवाजों में कमी करने के अलावा मृत्युपरान्त किये जाने वाले क्रियाकलापों को भी खत्म करने का आह्वान किया। गायिका सुश्री भारती आचार्य ने कहा कि हम युवाओं का भी दायित्व है कि इस पुनीत कार्य में संकल्पित होकर सामूहिक विवाह की परिकल्पना को साकर करें। अध्यापिका शीला चूरा ने कहा कि बच्चों के भविष्य को निखारने के लिए यह सराहनीय प्रयास है। बीएड कॉलेज की प्रचार्य रेणू आचार्य ने कहा कि हमेशा से यह धारणा रही है कि किसी भी सफल पुरुष के पीछे महिला का योगदान रहता है। वैसे ही इस सामूहिक विवाह की सफलता के लिए हमें आगे आना होगा और सभी को संदेश देना होगा। समाजसेविका कृष्णा व्यास ने कहा कि सामूहिक विवाह की परम्परा पुष्करणा समाज ने शुरू की थी और आज यही समाज इस परम्परा से दूर होता जा रहा है जो चिंता का विषय है। इस परम्परा को पुनर्स्थापित करने के लिए सभी को प्रयास करने की जरूरत है। सम्मेलन में प्रमिला व्यास, शारदा पुरोहित, मधु व्यास, आरती आचार्य, शांता हर्ष, उषा मोहता ने भी विचार रखे। इससे पूर्व जुगल किशोर ओझा पुजारी बाबा ने सामूहिक विवाह की पौराणिकता पर प्रकाश डालते हुए इसे पुनः शुरू करने का मातृशक्ति को आह्वान किया। सम्मेलन में सामूहिक सवा एक छत के नीचे कार्यक्रम के संयोजक भंवर पुरोहित ने सामूहिक विवाह से होने वाले लाभ तथा सरकारी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में महामंत्री सुभाष जोशी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों व गत सम्मेलनों की जानकारी प्रदान की व आगन्तुकों का स्वागत किया। आभार व धन्यवाद युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने जताया। संचालन महिला जागृति सम्मेलन की संयोजिका इन्द्रा देवी व्यास ने किया।