बीकानेर नत्थूसर गेट के बाहर हरोलाई हनुमान मंदिर के समीप एक भूखंड पर निर्माण को लेकर विवाद हो गया और इस दौरान मौके पर हुई पत्थरबाजी के बाद दो पक्षों के बीच तनाव इस कदर भडक गया कि स्थिति पर नियंत्रण के लिये पुलिस को भारी जाब्ते के साथ पहुंचना पडा। हालांकि इस घटनाक्रम के दौरान जमकर हुई पत्थरबाजी में किसी के चोटिल होने की खबर नहीं है। मगर स्थिति पर काबू पाने के लिये पुलिस को काफी मशक्कत करनी पडी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्करणा ट्रस्ट की ओर से हरोलाई हनुमान मंदिर के पास वृद्ध आश्रम का निर्माण करवाया जा रहा है, निर्माण स्थल पर गली के लिये जगह छोडने की बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर तनाव भडक गया, जिसकी इत्तला मिलने पर सीओ सिटी मुरलीधर किराडू और नयाशहर थाना प्रभारी रामेश्वर सहारण जाब्ता लेकर वहां पहुंच गये और समझाइश कर माहौल शांत करवाया।