श्रीगंगानगर, (लक्ष्मीकान्त शर्मा) मादक पदार्थो का एक शातिर तस्कर आज पुलिस की हीरासत से फरार हो गया। उसे भगा ले जाने में उसके दो साथियों ने मदद की। इस फरारी का पता चलते ही बीकानेर संभाग के चारों जिलों में नाकाबंदी करवा दी गई। तस्कर को तारीख पेशी पर ले कर आ रहे चालानी गार्ड के एक हवलदार और तीन सिपाहियों की प्रथम दृष्टया लापरवाही उजागर हुई है। इन पर निलंबन की कार्यवाही होने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हनुमानगढ जिले की नोहर जेल में विचारधीन बंदी जगदीश पुत्र पासाराम गुर्जर निवासी निम्बाहेडा (चितौडगढ) को आज सुबह वीरवार को तारीख पेशी पर हनुमानगढ लाया जा रहा था। हवलदार दौलतराम की अगुवाई में चालानी गार्ड उसे लेकर दस बजे नोहर से हनुमानगढ जंक्शन के लिए रवाना हुआ थे। दोपहर एक बजे जंक्शन बस अड्डे से जब जगदीश को पीलीबंगा रोड पर सैंट्रल जेल में ले जाया जा रहा था, जेल के समीप जगदीश को अपने परिचित व्यक्ति दिखाई दिये। यह व्यक्ति बातचीत करने के लिए आगे आये, तो चालानी गार्ड रुक गये। जगदीश इन व्यक्तियों के साथ बातचीत करते हुए चालानी गार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। सूत्रों का कहना है कि यह दोनों परिचित व्यक्ति जगदीश को अपने साथ भगा ले जाने की सुनियोजित तरीके से योजना बनाकर आये थे। इस घटना की जानकारी दोपहर डेढ बजे पुलिस अधिकारियों को तस्कर के भाग जाने की जानकारी मिली जो उन्होंने तुरंत पूरे हनुमानगढ जिले में नाकाबंदी करवाने साथ श्रीगंगानगर, चुरू और बीकानेर जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया। हनुमानगढ के साथ लगते सिरसा जिले की पुलिस को भी सर्तक किया गया है। हनुमानगढ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल, डीएसपी मुस्तफा अली जैदी, जंक्शन व टाऊन के थाना प्रभारी सहित अनेक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी जगदीश जाट को पकडने के लिए भाग दौड कर रहे है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2॰॰5 में जगदीश नोहर में मादक पदार्थ सहित पकड गया था। उसके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज हुआ था। जेल में रहने के दौरान उसने एक बार पैरोल मंजूर करवाया। पैरोल की अवधि समाप्त होने पर वह जेल में हाजिर नहीं हुआ। उसे पकडने के लिए अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिये थे। हालाकी उसे पुलिस पकडकर लाई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कयाल ने बताया कि जगदीश के विरूद्ध धोखाधडी का भी एक मामला दर्ज है। एनडीपीएस प्रकरण में कल शुक्रवार को हनुमानगढ जंक्शन की एक अदालत में उसकी पेशी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मियों की लापरवाही के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी।
जिले में पोस्तियों को मिली राहत