श्रीगंगानगर (लक्ष्मीकान्त शर्मा)। जिला महिला कांग्रेस की पत्रकार वार्ता आज मूनलाईट होटल में आयोजित की गई। पत्रकारों को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष बबीता वालिया ने कहा कि अप्रेल-मई जून माह में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता शर्मा राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर बीजेपी की भ्रष्ट नीतियों को उजागर करेंगी। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रभा ठाकुर ने अपना कार्यभार संभालते ही जयपुर में पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्षों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पार्टी से जोडने का आह्वान किया। इसके तहत उन्होंने सदस्य अभियान का शुभारंभ करते हुए ऐसी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए घोषणा की है जो सबसे अधिक महिलाओं को पार्टी का सदस्य बनायेंगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही महिलाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। श्रीमती वालिया ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर पांच-पांच महिला कार्यकर्ताओं की कमेटियों का गठन किया जायेगा तथा समाज में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना प्रदर्शन का आयोजन किया जायेगा। शीघ्र ही जिले में महिला कांग्रेस द्वारा पदयात्रा निकाली जायेगी तथा आमजन को दहेज,कन्या भ्रूण हत्या व बालश्रम के प्रति जागरूक के प्रति किया जायेगा। इसके तहत चयनित स्थानों पर गोष्ठियां भी आयोजित की जायेंगी। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष पृथ्वीपालसिंह संधू ने कहा कि राज्य सरकार केंन्द्र सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार राजस्थान की योजनाओं के तहत कर रही है। यहा तक की इन योजनाओं का नाम भी बदल दिया गया है। पत्रकार सम्मेलन में महिला कांग्रेस की जवाहरनगर ब्लॉक अध्यक्ष वीना चौहान व सैन्ट्रल ब्लॉक अध्यक्ष सुषमा आहुजा भी मौजूद थी।