अजय देवगन को आखिर गुस्सा आ ही गया। ज़ी टीवी पर प्रसारित होने वाले रिएलिटी शो रॉक एन रॉल फैमिली के सेट पर वे उस समय उखड़ गए जब जब शो में बचे हुए परिवारों ने नए परिवारों को शामिल करने को लेकर आपत्ति जताई। इस शो में अजय देवगन, उनकी पत्नी अभिनेत्री काजोल और सास तनुजा निर्णायकों की भूमिका में हैं। इस शो में नए प्रतिभागियों को वाइल्ड कार्ड की मदद से प्रवेश दिया गया था। इस पर इसमें भागीदारी कर रहे प्रतिभागियों द्वारा आपत्ति किए जाने पर अजय ने कहा, कि अगर आप लोग ही इस शो के बारे में सभी फैसले करना चाहते हैं तो आप अपना काम करते रहिए। मैं इस शो के बीच में नियमों में इस तरह के बदलाव को बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रतिभागी को कोई भी समस्या हो तो वह इस कार्यक्रम को छोड़कर जा सकता है। गुस्से में आए अजय ने अपने साथ काजोल को भी इस शो से अलग कर दिया। रॉक एन रोल में एक ही परिवार की तीन पीढि़यां एक साथ भागीदारी करती हैं, और इसमें अभी 12 परिवार हिस्सा ले रहे हैं।