डूंगरपुर ३ जुलाई/शक्ति सेवा संस्थान की पहल तथा जिला कलेक्टर नीरज के.पवन की सहृदयता की बदौलत आज बिन माँ बाप की बेटी अर्चना दाम्पत्य सूत्रा में बंधकर धूमधाम से ससुराल को विदा हुई। प्रशासन और भामाशाहों के समन्वित सहयोग से मंगलवार को धूमधाम से हुई इस शादी के साक्षी बने सैकडों लोगों और समाजजनों ने अर्चना को नम आंखों से विदा किया।
आज दोपहर कलेक्टर पवन दर्जीवाडा से पैदल चलकर सुथारवाडा स्थित सुथार समाज के नोहरे में पहुंचे और शादी के मण्डप में पण्डित नारायणशंकर भट्ट के आचार्यत्व में हो रही शादी में अर्चना का कन्यादान किया। इस दौरान कलेक्टर व नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी ने वर वधु को शगुन भी भेंट किया और सुखद दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस दौरान वर वधु ने कलेक्टर पवन और नपाध्यक्ष के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और ग्रुप फोटो ख्ंाचवाया। शक्ति सेवा संस्थान की अध्यक्ष चंद्रकांता सुथार ने कलेक्टर को अर्चना की शादी के लिए विभिन्न भामाशाहों की ओर से मिले सहयोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो हजार पांच सौ रूपयों की नकद सहायता के साथ ही आज राजमंदिर ईलेक्ट्रोनिक्स के रमेश शाह की ओर से अर्चना को सीलिंग फेन का सहयोग दिए जाने की जानकारी दी।
इससे पूर्व कलेक्टर और नपाध्यक्ष के यहां पहुंचने पर समाज की ओर से चंद्रकांता सुथार, लीना सुथार आदि ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर स्वागत किया। कलेक्टर पवन ने समाजजनों से भी बात की और अर्चना की शादी के लिए समाज की ओर से सहयोग किए जाने की जानकारी पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि समाजजन और जनप्रतिनिधि समाज के पिछडे और बेसहारा लोगों की यथासमय मदद करें ताकि ये जन समाज की मूलधारा से जुड सक। उन्होंन शहरवासियों और अन्य भामाशाहों का भी धन्यवाद दिया जिन्होंने अर्चना की शादी में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग प्रदान कर अन्य जनों के समक्ष आदर्श प्रस्तुत किया।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक केके शुक्ला ने भी विभागीय सहयोग के रूप में दस हजार रूपयों की राशि का चैक अर्चना के अभिभावकों को सौंपा। इस अवसर पर तहसीलदार जसराम मीणा, नायब तहसीलदार बद्रीलाल सुथार, कन्हैयालाल गांधी मेमोरियल फाउण्डेशन के पद्मेश गांधी, जयेश पंवार समेत समाजजन और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि जिला महिला सहायता समिति की बैठक में शक्ति सेवा संस्थान की अध्यक्ष चंद्रकांता सुथार ने जिला कलेक्टर नीरज के.पवन के समक्ष सुथारवाडा निवासी बेसहारा अर्चना सुथार की शादी में आ रही बाधाओं के बारे में बताते हुए सहयोग का आग्रह किया था। कलेक्टर ने इस पर चंद्रकांता सुथार को प्रशासनिक और भामाशाहों के सहयोग से अर्चना की शादी करवाने का आश्वासन दिया था।
कलेक्टर के निर्देशों पर अर्चना की शादी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दो हजार पांच सौ रूपये की राशि, पुलिस विभाग द्वारा बैण्ड वादन का सहयोग प्रदान किया गया वहीं कलेक्टर द्वारा बेड व अन्य फर्नीचर तथा नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी द्वारा स्टील की अलमारी प्रदान करते देख कई भामाशाह आगे आये। इसके तहत कन्हैयालाल गांधी मेमोरियल फाउण्डेशन के लोकेश गांधी और पद्मेश गांधी ने टी टेबल और चार कुर्सियां, कुणाल स्टूडियो के जयेश पंवार ने शादी की निःशुल्क फोटोग्राफी, जमनालाल ग्रुप के सन्मति गारमेन्ट्स ने डबल बेड कंबल, राजमंदिर ईलेक्ट्रोनिक्स के रमेश शाह ने सीलिंग फेन, स्वास्तिक ज्वैलर्स के प्रवीण श्रीमाल ने चांदी के पायजब, पंवार क्लाथ सेन्टर के नानूलाल पंवार ने बेड शीट्स व कपडे, हॉटल अतिथि पेलेस के मदनसिंह ने नकद एक हजार रूपये का सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा सुथार समाज डूंगरपुर द्वारा अर्चना की शादी की सारी व्यवस्थाएं करते हुए हरसंभव सहयोग दिया गया।
रोके नहीं रूके अर्चना की आंखों से आंसु कलेक्टर नीरज के.पवन के साथ प्रशासनिक अधिकारियों और नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी को अपनी शादी में आया हुआ दखकर अर्चना बेहद भावुक हो उठी और उसकी आंखों से अश्रुधार निकल पडी। मौजूद समाजजनों और शक्ति सेवा संस्थान की चंद्रकांता सुथार ने अर्चना को संभालने की कोशिशें की परंतु उसकी आंखों से आंसु रोके नहीं रूक रहे थे।
वर ने कहा ’’थेंक्यू सर....।‘‘ अर्चना का कन्यादान करने पहुंचे कलेक्टर , नपाध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों को देखकर वरपक्ष के लोग भी खुश नजर आ रहे थे। वर पक्ष के प्रतिनिधियों के साथ ही वर कौशिक ने भी कलेक्टर को उनके आगमन के लिए थैंक्यू सर.... कहकर धन्यवाद दिया।
कलेक्टर की झलक पाने को उमडे समाजजन अर्चना का कन्यादान करने के लिए स्वयं कलेक्टर पवन के सुथार समाज के नोहरे में पहुंचने की जानकारी पाने पर बडी तादाद में समाजजन पहुंचे। हर कोई शख्स कलेक्टर की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दिया। इस अवसर पर समाज के कई युवाओं ने कलेक्टर से ऑटोग्राफ भी लिये।
मिठाई खिलाने की मची होड कन्यादान करने के बाद समाजजनों द्वारा कलेक्टर नीरज के. पवन को शादी निर्विघ्न व धूमधाम से पूर्ण होने पर मिठाई खिलाई गई। इस दौरान एक व्यक्ति द्वारा मिठाई खिलाने के बाद तो कलेक्टर को मिठाई खिलाने की होड सी मच गई और मौजूद कई लोगों ने कलेक्टर को बारी-बारी से मिठाई खिलाई।
.....और कलेक्टर साब से हो गई मुलाकात अर्चना की शादी में कलेक्टर के आगमन की सूचना पर दर्जीवाडे में कई युवाओं के बीच एक किशोर विनोद सोनी ऐसा भी था जिसने कलेक्टर पवन को सिर्फ अखबारों में देखा था, उसने कलेक्टर से प्रत्यक्ष बात करने की अपनी दबी ईच्छा को वहां खडे आईईसी ब्यूरो के ईपीओ पद्मेश गांधी को बताई। इस पर गांधी ने कलेक्टर पवन को सोनी की इस ईच्छा के बारे में बताया और बात करने का आग्रह किया। किशोर की भावनाओं को समझ कलेक्टर ने विनोद से संवाद किया व उसके अध्ययन और परिवार के बारे में जानकारी लेने के बाद प्रोत्साहित किया कि खूब पढे लिखे और आईएएस बने। कलेक्टर साब से इस मुलाकात से विनोद गद्गद् हो गया।