विकास के साथ बेलगाम महंगाई व आंतरिक आतंकवाद होगा मुद्दा: माथुर
सूरतगढ, (विकास यादव), भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव में विकास के साथ बेलगाम महंगाई व आंतरिक आतंकवाद को भी मुद्दा बनाया जाएगा। सम्मेलन के बाद थर्मल विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक सवाल के जवाब में माथुर ने बताया कि इस बार पांच स्तरीय फीड बैक के आधार पर जिताऊ व्यक्ति को टिकट दी जाएगी। नये चेहरों के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जिताऊ व्यक्ति को ही मौका देगी। तीसरे मोर्चे के बारे में उन्होंने कहा कि राजस्थान में न कोई तीसरा मोर्चा होगा और न चौथा। सिर्फ दो मुख्य दलों के बीच ही मुकाबला होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता व संगठन ने मिलकर कुछ कार्यों को हाथ में लिया है। इनमें बूथ सम्मेलन इसका एक मुख्य हिस्सा है। किसान आंदोलन का चुनाव पर असर के बारे में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इसे ठीक किया जा रहा है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। सम्मेलन के अन्त में राष्ट्रगान के दौरान पीलीबंगा विधायक रामप्रताप कासनियां समर्थकों द्वारा किये गये हंगामे के बारे में उन्होंने कहा कि इसकी जांच करवाकर अनुशासन हीनता की कार्यवाही की जाएगी।
भाषण का मौका नहीं देने पर उनके समर्थकों ने आक्रोशित
सूरतगढ, भाजपा बूथ सम्मेलन में पीलीबंगा विधायक रामप्रताप कासनियां को भाषण का मौका नहीं देने पर उनके समर्थकों ने आक्रोशित होकर प्रदेशाध्यक्ष की उपस्थिति में हंगामा बरपा दिया। राष्ट्रगान के दौरान किये इस हंगामे को प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने गंभीरता से लिया है।
प्रदेशाध्यक्ष के लगभग दो घंटे देरी से पहुंचने के कारण सम्मेलन में वक्ताओ की सूची को- छोटा कर दिया गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष सीताराम मौर्य ने स्वागत भाषण दिया। सांसद निहालचंद, कृषि राज्यमंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी, सूरतगढ हलके के विधायक अशोक नागपाल के बाद सीधे प्रदेश महामंत्री किशनलाल सोनगरा को माइक पर आमंत्रित किया गया, तो पीलीबंगा के विधायक रामप्रताप कासनिया तिलमिला उठे। श्री कासनिया और उनके समर्थक अपेक्षा कर रहे थे कि उन्हें भी बोलने का मंच से मौका दिया जायेगा। इसी दौरान श्री कासनिया ने सीताराम मौर्य के पास जाकर उन्हें भी भाषण देने के लिए मौका देने का आग्रह किया। इसके बाद भी उन्हें जब संबोधित करने का मौका नहीं मिला, तो उनके समर्थक अंदर ही अंदर उबाल खाने लगे। श्री माथुर ने जैसे ही भाषण को विराम दिया, मंच संचालक ने राष्ट्रगान की घोषणा कर दी। राष्ट्रगान शुरू होने के साथ ही रामप्रताप कासनिया के समर्थक आपा खो बैठे। कुछ समर्थक मंच पर चढ गये और रामप्रताप कासनिया जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। राष्ट्रगान तथा नारेबाजी साथ-साथ चलते रहे। हंगामे के लिए रामप्रताप कासनिया तथा उनके समर्थकों की कडी आलोचना हुई। इससे पार्टी के वरिष्ठ नेता बहुत खफा नजर आये। बाद में रैस्ट हाऊस में संवाददाताओं से बातचीत करते प्रदेशाध्यक्ष ओम माथुर ने कार्यकर्ता सम्मेलन में हुई इस हरकत को अनुशासनहीनता माना। उन्होंने कहा कि इस पर जांच करवाकर दोषी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की जाएगी।
बरसात से हुए नुकसान के सर्वे आदेश
सूरतगढ (विकास यादव), उपखण्ड अधिकारी रामदेवसिंह बेनीवाल ने शनिवार की मुसलाधार बरसात से शहर में हुए नुकसान के सर्वे आदेश दे दिए हैं।
बेनीवाल ने बताया कि प्रारम्भिक स्तर पर एक दर्जन मकान ध्वस्त व 50 के करीब आंशिक क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि नुकसान का सर्वे करने के लिए नगरपालिका को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद मुआवजे की कार्यवाही की जाएगी।
माथुर का सात फुट लम्बी माला पहनाकर किया स्वागत
सूरतगढ, (विकास यादव), सम्मेलन के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर का सात फुट लम्बी माला पहनाकर स्वागत किया गया। पूर्व जिला कोषाध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी, गंगमूल डेयरी के अध्यक्ष पेमाराम सहारण, श्रीमती राजेश सिडाना, भाजपा नगर उपाध्यक्ष शरणपाल सिंह मान, गुमानसिंह राठौड, पूर्व पालिकाध्यक्ष श्रीमती आरती शर्मा ने विशाल माला पहनाकर प्रदेशाध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
तीन दिवसीय तीज मेले का शुभारम्भ
सूरतगढ, (विकास यादव), अग्रवाल महिला समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय तीज मेले का उद्घाटन रविवार को किया गया। इस अवसर पर महालक्ष्मी जी व अग्रसेन महाराज की पूजा-अर्चना अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती नीलम सांगवान, श्रीमती नरेन्द्र चौधरी, श्रीमती प्रभा माथुर आदि ने की। कार्यक्रम में संरक्षक प्रयागचंद अग्रवाल, महिला समिति की संरक्षक शारदा गोयल, समिति अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, संरक्षक चिरंजीलाल चौधरी, सुशील अग्रवाल, सचिव सुनील सिंगल ने विचर व्यक्त किए। अतिथियों ने चिंटियों को झूला झुलाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। पहले दिन एक मिनट व मेहंदी प्रतियोगिता, तम्बोला करवाए गए। मेहंदी में अनिता रानी प्रथम, लता वर्मा द्वितीय व निशा तृतीय रही। कार्यक्रम का संचालन गोपाल कृष्ण गोयल व अन्नु अग्रवाल ने किया।
हमारी नीयत अच्छी और नीति साफ
सूरतगढ, (विकास यादव), भाजपा का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को अनाज मण्डी परिसरमें आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड पडा। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने कहा है कि बूथ कमेटियों के बल पर इस बार प्रदेश में चुनाव लडकर गुजरात की तरह यहां भी जीत का परचम फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये एक ऐतिहासिक कार्य है कि राज्य भर में बूथ कमेटियों का गठन कर 5 लाख कार्यकर्ताओं की फौज तैयार की गई है, जिसका प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व से सीधा संवाद रहेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी नीयत अच्छी और नीति साफ है। हम गांव के आदमी के प्रति चिंता रखते हैं और जब भी सत्ता के रूप में हमें जनता ने मौका दिया है तो विकास की गंगा बहा दी गई है। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत तो पार्टी मजबूत की तर्ज पर भाजपा ने बूथ कमेटियां गठित करने का काम हाथ में लिया है। इसके तहत राज्य के सभी 42600 बूथों से 15-15 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर 10 अगस्त तक प्रदेश कार्यालय में पहुंच जाएगी। राज्य में यह पहली बार हो रहा है कि 5 लाख कार्यकर्ताओं के पते व फोन नं. प्रदेश कार्यालय में रहेंगे। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में जहां विपक्ष ने भाजपा को मौतों का सौदागर तक कह डाला तो पार्टी के विभिषणों ने भी कसर नहीं छोडी। इसके बावजूद भी बूथ कमेटियों के बल पर गुजरात में भाजपा सत्तारूढ हुई। उन्होंने कहा कि यही प्रयोग राजस्थान में कर भाजपा फिर से सत्तारूढ होगी। कांग्रेस पर बरसते हुए माथुर ने कहा कि इस बार कांग्रेस को कोई मुद्दा ही नहीं मिल रहा है वह बार-बार नेता बदल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे विपक्ष के साथ भ्रमित करने वाले अपने लोगों से भी सावधान रहें और पार्टी को वापिस सत्तारूढ करने के लिए जी जान लगा दें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में कोई जात-पात नहीं है। यह तो सिर्फ कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं की बदौलत ही हर हाल में भाजपा फिर सत्ता सम्भालेगी। प्रदेश महामंत्री किशन सोनगरा ने कहा कि पार्टी का आकार बढाने के साथ आधार भी मजबूत होना चाहिए। आधार मजबूत करने के लिए ही राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बूथ कमेटियों के गठन का काम हाथ में लिया गया है। कृषि राज्य मंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी ने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री ने साढे चार साल के कार्यकाल में विकास की गंगा बहा दी है। हर वर्ग को सौगात दी गई है। बिजली का रिकार्ड उत्पादन किया गया है। क्षेत्रीय विधायक अशोक नागपाल ने कहा कि साढे चार साल में किये गए विकास कार्यों ने पिछले चार दशक का रिकार्ड तौड दिया है, जहां विधानसभा क्षेत्र में सडकों का जाल बिछाकर नये आयाम स्थापित किये गए हैं वहीं 75 से 90 करोड की पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गई है। इसमें 32 करोड के कार्य टिब्बा क्षेत्र में किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीसी से पुख्ता कर 5000 काश्तकारों को मालिकाना हक दिये गए हैं। विद्यालय क्रमोन्नत करने में भी राज्य सरकार ने इतिहास रचा है। उन्होंने ओवरब्रिज का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। सांसद निहालचंद ने भी विचार रखते हुए राज्य सरकार के विकास कार्यों का बखान किया। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष सीताराम मौर्य ने किया। आभार नगर अध्यक्ष विजय कुमार गोयल ने किया। मंच पर संगरिया विधायक गुरजंट सिंह बराड, उप मुख्य सचेतक ओ.पी. महेन्द्रा, यूआईटी बीकानेर के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, पीलीबंगा विधायक रामप्रताप कासनियां, गंगमूल डेयरी के अध्यक्ष पेमाराम सहारण, जिला महामंत्री महेन्द्र सिंह सोढी आदि उपस्थित थे।
इससे पहले युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष कृष्ण छिम्पा के नेतृत्व में सैकडों कार्यकर्ताओं ने बीकानेर रोड स्थित श्री हनुमान मन्दिर से दुपहिया वाहन रैली के साथ प्रदेशाध्यक्ष के काफिले को सम्मेलन स्थल तक लाए। वहां ढोल नगाडों के साथ प्रदेशाध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। सम्मेलन की शुरुआत भारत माता व श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री नरेन्द्र घिंटाला व नगर महामंत्री किशन भार्गव ने किया।
डेरा सच्चा सौदा में शांतिपूर्ण नाम चर्चा
सूरतगढ, 3 अगस्त। डेरा सच्चा सौदा के स्थानीय ब्लॉक के तत्वावधान में रविवार को जगजीत सिंह के निवास पर शांतिपूर्ण नाम चर्चा की गई। डेरामुखी गुरमीत राम रहीम के जन्म माह के अवसर पर आयोजित नाम चर्चा में हरीचंद, संतलाल, महेन्द्र सिंह, नरेन्द्र कुमार, मनीराम ने नाम चर्चा शब्द बोले तथा बालमुकन्द ने ग्रंथ पढा। इस दौरान 7 निर्धन परिवारों को भोजन सामग्री वितरित की गई। रेशम सिंह ने शांतिपूर्ण नाम चर्चा सम्पन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया है। संचालन भंगीदास व सुखदेवसिंह ने किया। अगली नाम चर्चा 17 अगस्त को कुन्दन के निवास पर की जाएगी। नाम चर्चा के दौरान ऐतियातन तौर पर पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया।
103 यूनिट रक्त संग्रह
सूरतगढ, 3 अगस्त। महावीर इन्टरनेशनल द्वारा व्यापार मण्डल के सहयोग से आयोजित 36 वें रक्तदान शिविर में 103 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। व्यापार मण्डल भवन में आयोजित शिविर का उद्घाटन पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश चन्द्र शर्मा ने फीता काटकर किया। इसके बाद व्यापार मण्डल अध्यक्ष श्याम सुन्दर सारडा ने रक्तदान कर शिविर का शुभारम्भ किया। शिविर में तपोवन ब्लड बैंक श्रीगंगानगर के मोबाइल इकाई द्वारा 103 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। सचिव नरेन्द्र चाहर ने बताया कि संस्था द्वारा एक वर्ष में लगाए 16 शिविरों के माध्यम से अब तक 1535 यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका है।
शिविर के परियोजना निदेशक सुरेश सिडाना थे। अध्यक्ष संजय बैद ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
जाट क्लब कार्यकारिणी का हुआ विस्तार
सूरतगढ, 3 अगस्त। जाट क्लब के अध्यक्ष सतपाल गोदारा ने कार्यकारिणी का विस्तार किया है। कार्यकारिणी में आरपीसिंह संरक्षक, कृष्ण लाल सिहाग उपाध्यक्ष, संदीप मूण्ड सहसचिव, महेन्द्र चाहर सहकोषाध्यक्ष, हरलाल सहारण शिक्षा मंत्री, ओमप्रकाश भांभू सह शिक्षा मंत्री, डॉ. जगदीश प्रसाद कस्वां संगठन मंत्री, अमरसिंह बिजारणियां विधि मंत्री, कैलाश चन्द्र रैवाड प्रचार-प्रसार मंत्री, भूपसिंह सेवदा खेल मंत्री व श्रीमती सरिता चौधरी सांस्कृतिक बनाए गए हैं। इसके अलावा शिशराम चब्बरवाल, राजेश कुमार कस्वां, आदराम भादू, भंवरलाल गोदारा व भैराराम चंदेलिया को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
हर्ष कॉन्वेंट स्कूल में शैक्षिक पखवाडा
सूरतगढ, 3 अगस्त। हर्ष कॉन्वेंट स्कूल में स्वतंत्रता दिवस को इस बार शैक्षिक पखवाडा के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान बच्चों के लिए शैक्षणिक कार्यशालाएं मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, शैक्षणिक भ्रमण सहित कई रंग-बिरंगी खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस पखवाडे की शुरुआत में महाराजा अग्रसेन औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र का अवलोकन बच्चों को करवाया गया। इस दौरान इलेक्ट्रिशियन, फीटर, डीजल मैकेनिक के बारे में केन्द्र व्यवस्थापक विनोद धानुका ने जानकारियां दी। इस कार्यक्रम का संयोजन जितेन्द्र सिंह गिल, नेहा श्रीवास्तव व रामनिवास लिम्बा ने किया। प्रधानाध्यापक अनिल बंसल के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को शैक्षिक पखवाडा के रूप में मनाने का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगिण विकास करना है।