बीकानेर , जिले में लूणकरणसर इलाके के सुरनाणा गांव में आज सुबह मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुए हादसे के दौरान बीकानेर-भटिण्डा पैसजर गाडी की चपेट में आई मारूति कार करीब डेढ किलोमीटर तक ट्रेन के घसीटती रही, हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है क्योंकि कार में सवार चार जने ट्रेन को आता देख कार को पटरियों के बीच फंसी छोड कर ही भाग छूटे। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 1.30. बजे हुए इस हादसे के दौरान मारूति नं.आरजे-07सी 7571 का चालक जब मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था, इसी दरम्यान कार के पिछले टायर रेल पटरियों में फंस गये और कार बंद हो गयी। इस अंतराल में सामने की तरफ से धडधडाती आ रही बीकानेर भटिण्डा पैसेंजर ट्रेन को देखकर कार चालक समेत चारों जने उतर कर भाग लिये और आई ट्रने की चपेट में आई कार करीब डेढ किलोमीटर तक इंजन के घसीटती रही, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे की इत्तला मिलने के बाद मौके पर पहुंची लूणकरणसर थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की सूचना रेलवे प्रशासन के अधिकारियों को दी। हादसे के बाद ट्रेन करीब पौने घंटे तक मौके पर खडी रही। फिलहाल इस मामले की जांच पडताल रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी कर रहे है। कार में सवार चारों जने कौन थे, खबर लिखे जाने तक इसका खुलासा नहीं हो पाया था।