हनुमानगढ , ३ अक्टूबर। जिले के राजस्व अधिकारियों में रोजमर्रा के उपयोग में आने वाले विभिन्न राजस्व कानूनों व नियमों में विशेष दक्षता एवं निपुणता लाने के उद्देश्य से नवम्बर माह के प्रथम सप्ताह में एक ‘‘ पावर प्वाईट प्रजेंटेशन स्पर्धा ‘‘का आयोजन जिला स्तर पर किया जायेगा। जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा ने बताया कि इस प्रजेंटेशन के लिए सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को अलग नियम, कानून व विषय आदि का आवंटन करते हुए उन्हें अपनी प्रस्तुतियों को तैयार करने के निर्देश दिए गए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि राजस्व अधिकारियों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुतियों में से सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों मे से सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों का एक निर्णायक मण्डन द्वारा चयन किया जाएगा तथा प्रत्येक वर्ग में प्रथम दो स्थानों पर रहने वाली प्रस्तुतियों को पुरस्कार दिए जाएंेगे। प्रजेंटेशन के दौरान उपस्थित कार्मिकों द्वारा प्रश्न भी पूछे जाएंगे, प्रश्न पूछने वालों में से भी तीन श्रेष्ठ प्रश्नों का चयन करते हुए उन्हें भी पुरस्कृत किया जाएगा। इन प्रश्नों के संदर्भ में राजस्व स्टॉफ द्वारा दिए गए श्रेष्ठ उत्तर पर भी तीन पुरस्कार देए होंगे।
उक्त प्रजेंटेशन के लिए एक निर्णायक मण्डल का भी गठन किया गया है। जिसमें अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री हनुमान सिंह शेखावत, अतिरिक्त जिला कलक्टर नोहर श्री हुक्म चन्द गोदारा व पंजीयन एवं मुद्रांक के उपमहानिरीक्षक श्री शंकरलाल शर्मा को शामिल किया गया है। प्रजेंटेशन का आयोजन जिला कलैक्ट्रेट सभागार में ३ नवम्बर को प्रातः ११ बजे से आरम्भ होगा तथा यह ४ नवम्बर २००७ को सांय ५ बजे तक होगा। सभी को उनकी प्रस्तुतियों के आधार पर अंक दिए जाएंगे । उन्होंने बताया कि पूरी कार्यवाही का एक विवरण संकलित किया जाएंगा और उसे बुकलेट के रुप में प्रकाशित कर सम्बन्धित को भेजा जाऐंगा। इस प्रजेंटेशन में शरीक होने वाले अधिकारियों को अपनी प्रस्तुति को सीडी में राईट कर १५ अक्टूबर तक जिला कलक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।