१७ वां विश्व झील सम्मेलन जयपुर में
3 Oct
2007
राष्ट्रपति २९ अक्टूबर को उद्घाटन करेंगी
जयपुर, ३ अक्टूबर। भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने आज यहां देश में पहली बार २८ अक्टूबर से २ नवम्बर, ०७ तक जयपुर में आयोजित होने वाले १२वें विश्व झील सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। इस पांच दिवसीय झील सम्मेलन का २९ अक्टूबर को राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटील उद्घाटन करेंगी।
सम्मेलन की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के सलाहकार श्री एम.सेन गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक श्री बी.बी. वर्मन, उपनिदेशक श्री संजय सिंह एवं राज्य पर्यावरण विभाग के अतिरिक्त सचिव श्री आर.एन.मिश्रा, उपशासन सचिव श्री पी.के. उपाध्याय सहित आर.टी.डी.सी. के प्रतिनिधि श्री वीरेश सक्सेना तथा एन.आई.ई. के प्रतिनिधि श्री आर.सी.गोयल उपस्थित थे।
इस अवसर पर भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के सलाहकार श्री एम.सेन गुप्ता ने कहा कि देश में पहली बार आयोजित होने वाले विश्व झील सम्मेलन के लिये जयपुर को चुनना राजस्थान के लिये गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में विश्व के विभिन्न १५० देशों के प्रतिनिधि व पर्यावरण विशेषज्ञ भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि ‘‘भविष्य के लिये झीलों एवं तर भूमि (वैट लैण्ड्स) का संरक्षण’’ विषय पर आधारित इस सम्मेलन को ‘‘ताल २००७’’ का नाम दिया गया है।
श्री गुप्ता ने बताया कि जयपुर स्थित बिडला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस विश्व झील सम्मेलन में झीलों के विज्ञान, वैट लैण्ड एवं झीलों के विशेष समूह, इनका संरक्षण एवं प्रबंधन तथा सामाजिक एवं आर्थिक परिप्रेक्ष्य पर चर्चा की जायेगी। श्री गुप्ता को अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विभाग श्री एन.के. मिश्रा ने सम्मेलन के सम्बन्ध में की जा रही तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
|