मुख्यमंत्री शनिवार को घोटिया आम्बा तीर्थ पर आदिवासी किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगी
4 Jan
2008 मुख्यमंत्री प्रातः १० बजे जयपुर से हैलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर मध्याह्न १२ बजे घोटिया आम्बा पहुंचेंगी तथा सम्मेलन में भाग लेने के उपरान्त दोपहर डेढ बजे घोटिया आम्बा से हैलीकॉप्टर से डूंगरपुर के लिए प्रस्थान करेंगी।
बांसवाडा, ४ जनवरी/ मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ५ जनवरी शनिवार को पाण्डव युग की याद दिलाने वाले घोटिया आम्बा तीर्थ पर आदिवासी किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री प्रातः १० बजे जयपुर से हैलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर मध्याह्न १२ बजे घोटिया आम्बा पहुंचेंगी तथा सम्मेलन में भाग लेने के उपरान्त दोपहर डेढ बजे घोटिया आम्बा से हैलीकॉप्टर से डूंगरपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। रविवार को सीएम बांसवाडा आएंगी मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ६ जनवरी रविवार को प्रातः ११ बजे डूंगरपुर से हैलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर मध्याह्न ११ बजकर ४० मिनट पर बांसवाडा शहर के राजकीय नूतन उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में बनाए गए हैलीपेड पर पहुंचेंगी। यहां वे १२ बजे बैठक में हिस्सा लेंगी तथा दोपहर बाद २.३० बजे हैलीकॉप्टर द्वारा जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। तैयारियों का जायजा शुक्रवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी, क्षेत्रीय सांसद धनसिंह रावत ने घोटिया आम्बा का दौरा किया और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समुचित दिशा-निर्देश दिए। मीणा ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा ने घोटेश्वर महादेव व अन्य श्रद्धास्थलों के दर्शन किए तथा घोटिया आम्बा तीर्थ के संभावित विकास के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मीणा ने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिला कलक्टर विकास एस. भाले, जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शुक्रवार को घोटिया आम्बा तीर्थ का दौरा किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जल संसाधन राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेन्द्रसिंह राठौड शनिवार कोघोटिया आम्बा में मुख्यमंत्री श्रीमती राजे की अगवानी करेंगे और आदिवासी किसान सम्मेलन में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी, क्षेत्रीय सांसद धनसिंह रावत उपस्थित रहगे।