मुख्यमंत्री की यात्रा के संदर्भ में केबिनेट मंत्री कटारा ने ली बैठक
4 Jan
2008
महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा ने शुक्रवार प्रात: स्थानीय सर्किट हाउस में जिलाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक लेते हुए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश प्रदान किए
डूंगरपुर ब4 जनवरी / प्रदेश की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के जिले में दो दिवसीय यात्रा कार्यक्रम के तहत की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा ने शुक्रवार प्रात: स्थानीय सर्किट हाउस में जिलाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक लेते हुए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश प्रदान किए।
कटारा ने जिला कलक्टर नीरज के.पवन से मुख्यमंत्री की यात्रा के संदर्भ में की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। कलक्टर पवन ने मुख्यमंत्री के हैलीपेड से उतरने से लेकर रात्रि विश्राम और अगले दिन के कार्यक्रम के तहत विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पृथक्-पृथक् अधिकारियों को पाबन्द करने की जानकारी दी और बताया कि मुख्यमंत्री की यात्रा के लिए संपूर्ण व्यवस्थाओं के ऑवर ऑल इंचार्ज के रूप में अतिरिक्त जिला कलक्टर टीआर जोशी को नियुक्त किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए चिन्हित स्थानों के बारे में भी जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री के यात्रा दौरान कानून, सुरक्षा एवं शाति व्यवस्था कायम करने के लिए किए गए व्यापक पुलिस बंदोबस्त के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हैलीपेड, सभा स्थल, बैठक स्थल और यात्रा मार्ग में सुरक्षा की दृष्टि से की गई व्यवस्थाओं व अन्य व्यवस्थाओं के बारे में बताया। बैठक में समाजसेवी गजेन्द्रसिंह चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी, चौरासी विधायक सुशील कटारा, दौलतसिंह राठौड़ और नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष गुरूप्रसाद पटेल ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव दिए। कटारा ने प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा कार्यक्रम में बेहतर व्यवस्थाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर टी.आर. जोशी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यप्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक कैलाशदान जुगतावत,उपखण्ड अधिकारी रामचंद्र खराडी़, परिवहन विभाग के राजकुमार मीणा, केवलजी नागदा, सुदर्शन जैन, बाबूलाल लबाना, राजीव चौबीसा, मुकेश नागदा और अन्य कई अधिकारी मौजूद थे।
|