डूंगरपुर, पेजयलापूर्ति की समस्या के निस्तारण के लिए जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए.मलिक ने रविवार को शहर को जलापूर्ति के प्रमुख स्रोत डिमीया बांध का दौरा किया और यहां से पेयजलापूर्ति की व्यवस्थाओं को देखते हुए समस्या समाधान की दिशा में महत्त्पवूर्ण दिशा निर्देश प्रदान किए।
जलदाय व विद्युत विभागीय अधिकारियों के दल के साथ आज अपराह्न में डिमीया बांध पहुंची डॉ. आरूषि ने सर्वप्रथम यहां के पंप हाउस व इनसे पानी के पंपिग किए जाने की स्थिति को देखा और जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिाकी विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चावला ने बताया कि बांध में पानी के किनारों से दूर चले जाने की स्थिति में अतिरिक्त पाईप लाईन डाले जाने की आवश्यकता है। इस पर कलक्टर ने इस कार्य को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। चावला ने बताया कि विभाग के पास २०० एमएम के पाईप उपलब्ध है जिन्हें आधा किलोमीटर लम्बाई तक डाला जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्य ८ से ९ दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जलापूर्ति के लिए विभाग की मोटर को भी स्थानान्तरित करने की आवश्यकता रहेगी इसके लिए ४ विद्युत पोल लगाए जाने होंगे।
कलक्टर डॉ. आरूषि ने विद्युत पोल लगाने संबंधित कार्य के लिए एवीवीएनएल के अधिशासी अभियंता एनएल सालवी को निर्देशित किया कि इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करावें और यह भी सुनिश्चित करावें कि यहां पर बिजली की नियमित आपूर्ति हो। सालवी ने आगामी मंगलवार से पोल स्थापित करने का कार्य प्रारंभ कर देने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही सहायक अभियंता संजय झंवर को इस कार्य के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलक्टर ने दोनों विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित में यह कार्य पूरी गंभीरता और त्वरितता से किया जाए ताकि पेयजलापूर्ति से संबंधित आने वाली भावी समस्याओं से निबटा जा सके।
इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी रामचंद्र खराडी ने विभागीय अभियंताओं को भविष्य में पेजयल आपूर्ति की संभावनाओं को पूरा करने के लिए बांध में मौजूद पानी के बारे में आवश्यक जानकारी संकलित कर ही अपेक्षित कार्य प्रारंभ करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता शंकरलाल रोत और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।