बीकानेर जिले में यातायात व्यवस्था को सुधारने तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागृति पैदा करने के उद्देश्य से 21 वां राष्ट्रीय सडक सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ओ.पी. खडगावत व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सतीश चन्द्र जांगीड ने सडक सुरक्षा रथ को झण्डी दिखाकर किया। इस अवसर पर खडगावत ने कहा कि सडक दुर्घटना की घटनाएं लगातार बढती जा रही है। इसमें से अधिक मौते वाहन चालक द्वारा हेलमेट नहीं लगाने से सिर में गंभीर चोटें आने के कारण मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सडक सुरक्षा सप्ताह सात दिनों का न होकर साल भर रहना चाहिए ताकि लोगों को यातायात नियमों की भली-भांति जानकारी हो तथा बिना हेलमेट लगाएं वाहन चलाने के गंभीर परिणामों की जानकारी मिल सकें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सतीशचन्द्र जांगीड ने कहा कि पुलिस व परिवहन विभाग वाहन चालकों को गाडी चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराता है फिर भी वाहन चालक इस ओर ध्यान नहीं देते। उन्होंने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक व नियमों को ध्यान में रखकर वाहन चलाने की सलाह दी। सी.ओ. सिटी मुरलीधर किराडू ने इस मौके पर कहा कि सडक सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों तथा सार्वजनिक स्थानों पर हार्डिग्स लगाकर यातायात नियमों के पालना की जानकारी दी जायेगी। इसके अलावा सप्ताह के दौरान शहर के मुख्य चौराहों सहित, भीडभाड वाले क्षेत्रों में पेम्पलेट वितरणकर, हेलमेट लगाने, स्कूली-कॉलेजी विद्यार्थियों को जानकारी देने संबंधी कार्य किए जायेंगे। एआरटीओ अशोक राव ने बताया कि यातायात सप्ताह के दौरान आज जैन कन्या कॉलेज, 6 जनवरी को महारानी सीनियर सैकेण्डरी स्कूल, 7 जनवरी को नालंदा पब्लिक स्कूल, 8 जनवरी को आरएसवी तथा 9 जनवरी को बिन्नानी कन्या महाविद्यालय में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। उन्होंने बताया कि मुक्ति संस्था द्वारा 10 जनवरी को नागरिक जुबली भंडार में यातायात व्यवस्था पर गोष्ठी आयोजित होगी। इसके अलावा लॉयन्स क्लब सप्ताह के दौरान तीन हजार रिफलेक्टर वाहनों पर लगायेगा। राजस्थान ऑटो चालक यूनियन इंटक के हेमंत किराडू ने उपस्थित परिवहन व पुलिस विभाग के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सडक सुरक्षा सप्ताह के तहत टैक्सीचालक नियमों की अनुपालना करवाने में आपकी हरसंभव मदद करेंगे यातायात निरीक्षक भूपेन्द्र जाखड,नया शहर एसएचओ रामेश्वर सहारण,कोटगेट एस-एचओ धर्मपाल पूनिया, गंगाशहर एसएचओ देवेन्द्रसिंह, व्यास कॉलोनी थाना एसएचओ आमिर हसन, कोतवाली एसएचओ कानाराम, बीछवाल एसएचओ ईश्वर प्रसाद सहित परिवहन विभाग के उप निरीक्षक, निरीक्षक व सहायक निरीक्षक भी थे।