बीकानेर जिला अभियान समिति के बैनर तले आज श्रमिक एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लि. के कर्मचारियों को वेतन दिलवाने एवं अन्य सहकारी बैंकों में समायोजित करने की मांग को लेकर जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। अभियान समिति के अध्यक्ष वाई.के. शर्मा के नेतृत्व में सौंपे इस ज्ञापन में कर्मचारी-श्रमिक नेताओं ने अवगत करवाया कि बैंक कर्मचारियो´ को गत तीस माह से वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। बैंक प्रबंधन द्वारा विभिन्न खातों में नियतन कांट छांट कर अनुचित तरीके से करोडों रुपए आहरित कर लिये गये है, जिससे खाताधारकों को उनकी जमाओं का भुगतान नहीं किया जा सका। हालांकि इस बाबत बैंक प्रबंधन के विरूद्ध न्यायालय में वाद भी दायर है, लेकिन आज तक इसका कोई निराकरण नहीं होने से बैंककर्मी व खाताधारक दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर है। उन्होंने अवगत करवाया कि कर्मचारियों के वेतन में से भविष्य निधि की राशि की कटौती की जाती रही परंतु यह राशि संबंधित कार्यालय को न भेजकर बैंक प्रबंधन द्वारा अपने हितों को साधने में खुर्दबुर्द कर दी गयी। इतना नहीं बैंक प्रबंधकों ने निर्धारित नीति नियमों की पालना न करते हुए करोडों रुपए का दुरुपयोग कर बैंक को वित्तीय संकट में ला खडा किया। शिष्टमंडल में सत्यनारायण, मो.इलियास जोइया, मुकेश राजस्थानी, प्रसन्न कुमार, श्याम सुंदर हर्ष, चांदरतन सोलंकी, पन्नालाल गहलोत, अब्दुल रहमान कोहरी, जेठाराम सहित अनेक जने शामिल थे। उधर बैंक कर्मियों व खाताधारकों का धरना 63वें दिन भी जारी रहा।