गिनीज बुक की ओर से जारी हुआ प्रमाण पत्र
डूंगरपुर, ‘हरित राजस्थान अभियान’ के तहत डूंगरपुर जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में फैली बंजर पहाडयों की हरितिमा लौटाने के लिए 11 व 12 अगस्त 2009 को किए गए 6 लाख से अधिक पौधरोपण की मुहिम रंग ले आई है और अब इसे विश्व कीर्तिमान की मुहर लगाते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में सम्मिलित कर लिया गया है।
तत्कालीन जिला कलक्टर डॉ. आरूषी ए.मलिक की परिकल्पनाओं के अनुरूप किए गए विशेष प्रयासों के तहत जिले की ग्राम पंचायत गडामोरैया के खेमारू गांव में 300 व्यक्तियों के दल ने 24 घण्टों में 6 लाख 11 हजार 137 पौधे लगाकर इस विश्व कीर्तिमान को हासिल किया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड द्वारा वर्तमान में चित्तौडगढ जिले में पदस्थापित कलक्टर डॉ. मलिक को ईमेल के माध्यम से सोमवार को इस आशय की सूचना दी गई है। डॉ. मलिक ने बताया कि इस रिकार्ड को गिनीज बुक द्वारा ‘ 24 घण्टों में सर्वाधिक पौधरोपण (टीम)’ शीर्षक से जिला प्रशासन डूंगरपुर के नाम दर्ज किया गया है। उन्होंने इस विश्व कीर्तिमान को जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के समन्वित प्रयास का नतीजा बताते हुए इस कार्य से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष तौर पर जुडे सभी व्यक्तियों को बधाईयां दी है।
इधर जिले को मिले इस विश्व कीर्तिमान को लेकर हर्ष का माहौल है। जिला कलक्टर पूर्ण चंद्र किशन ने भी इस सफलता पर हर्ष जताते हुए बधाईयां दी है। उन्होंने कहा है कि इस कीर्तिमानी सफलता से जिले में इस अभियान को और भी अधिक गति प्राप्त होगी।
उल्लेखनीय है कि हरित राजस्थान अभियान के तहत डूंगरपुर जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर दूरी पर अवस्थित ग्राम पंचायत गडा मोरैया के खेमारू गांव में यह पौधरोपण किया गया था और इस पौधरोपण मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित जनजाति क्षेत्रीय विकास व तकनीकी शिक्षा मंत्री महेन्द्रजीतसिंह मालवीय, वन एवं पर्यावरण व खनिज राज्यमंत्री रामलाल जाट, सांसद ताराचंद भगोरा सहित कई जनप्रतिनिधियों व राज्य स्तर के आला अधिकारियो ने उपस्थित होकर जिला प्रशासन, कार्मिकों व ग्रामीणों की हौसलाअफजाई की थी।
पाकिस्तान का रिकार्ड तोडा
प्राप्त जानकारी अनुसार इससे पूर्व पाकिस्तान ने 16 जुलाई 2009 को पांच लाख 41 हजार 176 पौधों को रोपते हुए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया था । डूंगरपुर जिले ने इस सफलता को प्राप्तकर पाकिस्तान के रिकार्ड को तोडा है। इससे पहले भारत ने ही 12-13 जून 2009 को चार लाख 47 हजार 874 पौधे लगाकर रिकार्ड कायम किया था।