बांसवाडा, जिले के अधिकारियों की ओर से सोमवार दोपहर यहां माही रेस्ट हाउस में आयोजित समारोह में बांसवाडा से स्थानान्तरण होने पर जिला कलक्टर विकास एस. भाले तथा जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचन्द बोहरा को भावभीनी विदाई दी गई।
जिले भर के अधिकारियों ने जनजाति बहुल बांसवाडा जिले की ऐतिहासिक एवं यादगार सेवाओं के लिए दोनों अधिकारियों का अभिनंदन किया और जिले के समग्र विकास के लिए इनकी उत्कृष्ट और अविस्मरणीय सेवाओं की सराहना की गई।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आर. के. सोनगरा, जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल बैरवा, माही परियोजना के मुख्य अभियन्ता पी.एल. सोलंकी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बृजेश पुरोहित, एडीजे फास्ट ट्रेक पी.सी. पगारिया, उपखण्ड अधिकारी भवानीसिंह पालावत, ईजीएस के परियोजना अधिकारियों, तहसीलदारों, विभागीय अधिकारियों आदि ने हिस्सा लिया।
समारोह में अपने अभिनंदन के उत्तर में जिला कलक्टर विकास एस. भाले ने बांसवाडा कार्यकाल को सुखद, सुकूनदायी और अविस्मरणीय बताया और कहा कि इस अंचल के नैसर्गिक रमणीय परिवेश और प्राकृतिक संसाधनों ने उन्हें खूब प्रभावित किया।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में विकास की अपार संभावनाओं के साथ-साथ चुनौतियां भी बहुत हैं।
उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए उपयुक्त रेल और सडक नेटवर्क होना बहुत जरूरी है। उन्होंने अपने अनुभव सुनाते हुए कहा कि बांसवाडा के बहुमुखी विकास के लिए जिले में छोटे-छोटे प्रोजेक्ट हाथ में लिए गए। इनमें अपार जलसंपदा के मद्देनजर मत्स्यपालन, साक्षरता विस्तार के लिए ईजीएस को साक्षरता से जोडनेद्व कडकनाथ प्रोजेक्ट जैसे प्रयोग सफल रहे हैं।
जिला कलक्टर ने कहा कि त्रिपुरा सुन्दरी सौन्दर्यीकरण की वजह से बांसवाडा आने वाले दो-चार वर्षों में आध्यात्मिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और इस वजह से पर्यटन के नवीन आयामों का भी विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि बांसवाडा में पर्यटन विकास का व्यापक दौर शुरू होगा तो यह धार्मिक पर्यटन से ही। इस दिशा में अच्छा माहौल बनने लगा है। उन्होंने कहा कि माही के टापूओं का पर्यटन विकास हो सकता है और ऐसा होने पर ही देशी-विदेशी पर्यटकों का आवागमन एवं ठहराव हो सकता है। इस मायने में माही उत्सव मील का पत्थर साबित होगा।
विकास भाले ने कहा कि जिले के स्वस्थ विकास के लिए यह जरूरी है कि सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए स्थायी महत्त्व की योजनाओं का व्यापक सूत्रपात हो। उन्होंने कहा कि जिले में जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सहयोग से वे बांसवाडा में अच्छा काम कर सके हैं।
जिला परिषद के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकमचन्द बोहरा ने बांसवाडा कार्यकाल को महत्त्वपूर्ण बताया और कहा कि बांसवाडा में सेवा और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं जिन्हें मूर्त रूप दिया जा सकता है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद ने विकास भाले तथा टीसी बोहरा के बांसवाडा कार्यकाल को यादगार बताया और कहा कि बांसवाडा जिले के बहुआयामी विकास में इनकी भूमिका वर्षों तक याद रखी जाएगी।
मयूर मिल के अधिशासी निदेशक जे.सी. लड्ढा ने जिला कलक्टर विकास एस. भाले के बांसवाडा कार्यकाल को औद्योगिक विकास के लिए महत्त्वपूर्ण बताया।
समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल बैरवा अतिरिक्त जिला कलक्टर अबरार अहमद, मयूर मिल के अधिशासी निदेशक जे.सी. लड्ढा, मण्डल वन अधिकारी के.पी. गुप्ता तथा तहसीलदारों, विकास अधिकारियों आदि ने दोनों अधिकारियों को तिलक लगाया और साफा बंधवाने के बाद श्रीफल भेंट किए। बाद में जिले के विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को पुष्पहार पहनाए और उपहार भेंट किए।
समारोह का संचालन घाटोल के उपखण्ड अधिकारी ओ.पी. जैन ने किया। समारोह में लोक अभियोजक मनोजसिंह चौहान, मयूर मिल के जोरावरसिंह आदि भी उपस्थित थे।