बीकानेर कृषि एवं पशुपालन और जिले के प्रभारी मंत्री हरजी राम बुरडक ने कहा है कि आने वाले गर्मी के मौसम में पीने के पानी की आपूर्ति सुचारू रहे इसके लिए इंदिरा गांधी नहर परियोजना में २ हजार क्यूसेक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए राज्य सरकार स्तर पर गंभीरता से प्रयास किये जायेंगे। प्रभारी मंत्री बुरडक गुरूवार को पंचायत समिति बीकानेर के सभागार में पेयजल और विद्युत की जिले में उपलब्धता की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नहरी क्षेत्रा में पेयजल वितरण की व्यवस्था ऐसी हो जिसमें टेल क्षेत्रा के गांव को पहले पानी मिल सके। उन्होंने कहा कि कम वर्षा और अकाल के कारण लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता में शामिल है। अधिकारियों को चाहिए कि पेयजल के लिए कोई समस्या पैदा न हो सके। पानी के लिए जो भी समस्या या कोई शिकायत मिलती है,उसे प्राथमिकता से ले और उसका निराकरण करे। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य अभियात्रिकी विभाग और जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए एक दूसरे की समस्या का समाधान समय रहते करेंगे। पानी के दुरूपयोग में अगर कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है,तो उसके विरूद्ध कार्यवाही की जावे। उन्होंने नहर तंत्रा से जुडी जलप्रदाय योजनाओं और नलकूप पर आधारित जलप्रदाय योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि हैण्ड पंप और नलकूप की मोटर खराब होने की स्थिति में उसे तुरन्त बदला जाये। इसके लिए उन्हने जनस्वास्थ्य अभियात्रिकी विभाग के अधिकारियों से पंप मोटर और हैण्ड पम्पों की उपलब्धता की जानकारी ली। प्रभारी सचिव सूरजमल मीणा ने निर्देशित किया कि आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अभी से पूरी तैयारी कर ली जावे। बैठक में पंचायत समिति बीकानेर के प्रधान भोमराज आर्य,अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) अशरफ अली,अतिरिक्त जिला कलक्टर नगर राजेन्द्र मिश्रा,मुख्य अभियन्ता (सिंचाई) हनुमानगढ टी.के.परमार सहित जनस्वास्थ्य अभियात्रिकी विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता जी.एल.डाबी तथा अधीक्षण अभियन्ता विद्युत उपस्थित थे।