डूंगरपुर ४ जुलाई/ शक्ति सेवा संस्थान की पहल तथा जिला कलक्टर नीरज के.पवन की सहृदयता की बदौलत मंगलवार को संपन्न हुई बिन माँ बाप की बेटी अर्चना की धूमधाम से शादी पर प्रदेश के जनजाति क्षेत्रीय विकास, महिला एवं बाल विकास मंत्री कनकमल कटारा ने जयपुर से बधाई प्रेषित की है। केबिनेट मंत्री कटारा ने शक्ति सेवा संस्थान की अध्यक्ष चंद्रकांता सुथार को भेजे संदेश में कहा है कि समाज और प्रशासन का समन्वित कर्त्तव्य होता है कि समाज के पिछडे और बेसहारा लोगों को मूलधारा में लाने के लिए समर्पित भाव से सहयोग करें। उन्होंने भामाशाहों के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर किए गए सहयोग के लिए संबंधित व्यक्तियों को भी धन्यवाद देते हुए इसी प्रकार का सहयोग करते रहने का आग्रह किया है। उन्होंने नवदम्पति को आशीर्वाद प्रदान करते हुए सुखमय भविष्य की कामनाएं भी अर्पित की हैं। इधर शक्ति सेवा संस्थान ने अर्चना की शादी के लिए बढ-चढकर आगे आये जिला प्रशासन और भामाशाहों का आभार व्यक्त किया है। संस्थान की अध्यक्ष चंद्रकांता सुथार ने कलेक्टर नीरज के.पवन के निर्देशन में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के सहयोग के लिए आभार प्रदर्शित किया है और कहा है कि बिन माँ-बाप की बेटी अर्चना की शादी में जिला कलेक्टर ने स्वयं रूचि लेकर सहयोग दिया व भामाशाहों को प्रेरित किया है वह अनुकरणीय है। सुथार ने अर्चना की शादी में नगरपालिका अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी, कन्हैयालाल गांधी मेमोरियल फाउण्डेशन लोकेश गांधी और पद्मेश गांधी, कुणाल स्टूडियो के जयेश पंवार, जमनालाल ग्रुप के सन्मति गारमेन्ट्स, राजमंदिर ईलेक्ट्रोनिक्स के रमेश शाह, स्वास्तिक ज्वैलर्स के प्रवीण श्रीमाल,पंवार क्लाथ सेन्टर के नानूलाल पंवार, हॉटल अतिथि पेलेस के मदनसिंह, मेवाड फर्नीचर्स और डूंगरपुर के सुथार समाज के समस्तजनों द्वारा किए गए सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।