बांसवाडा में हुआ विशाल मटकी फोड एवं अखाडा प्रदर्शन कार्यक्रम
4 Sep
2007
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने फोडी ३५ फीट ऊँची माखन मटकी
बांसवाडा, ४ सितम्बर/बांसवाडा शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मटकी फोड का विशाल एवं भव्य समारोह परम्परागत रूप से मंगलवार रात कुशलबाग मैदान में हुआ। इसमें हजारों शहरवासियों की मौजूदगी में मशहूर पहलवान एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री भवानी जोशी ने साहसिक करतब दिखाते हुए ३५ फीट ऊँची बंधी माखन भरी मटकी फोडी।
इसका आयोजन कन्हैयालाल शर्मा स्मृति ट्रस्ट तथा मारुति व्यायाम शाला एवं तमाम अखाडों की ओर से किया गया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध अध्यात्म चिन्तक एवं मानस मर्मज्ञ संत विश्वम्भरदास फलाहारी महाराज, लालीवाव मठ के रामदास महाराज, गुरुद्वारा गथी अजीतसिंह, जिला कलक्टर विकास एस. भाले, जिला पुलिस अधीक्षक कन्हैयालाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर टी.सी. बोहरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीना, उपखण्ड अधिकारी नवनीत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक प्रेमसिंह, बांसवाडा नगरपालिका की अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कटारा एवं उपाध्यक्ष सीताराम वर्मा सहित अनेक पार्षद, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शक उपस्थित थे।
कुशलबाग मैदान में विभिन्न क्षेत्रों से आते गए अखाडों ने साहसपूर्ण रोमांचक करतब दिखाए और दर्शकों की वाहवाही बटोरी। रतलाम से आए २५ पहलवानों के दल ने नायाब करतब दिखाए। इनमें तीन वर्ष के एक बालक ने ऐसे-ऐसे हैरतअंगैज करतब दिखाए कि लोग अचंभित रह गए।
कुशलबाग मैदान के बीचों-बीच ३०-३५ फीट ऊँचाई पर बँधी २५ मटकियों को अखाडचियों ने फोडने के प्रयास किए। जैसे-जैसे अखाडे आते गए, उनके करतबों और ढोल-ड्रमों पर पूरा मैदान गूंजता रहा। इन अखाडों के पहलवानों ने पिरामिड बनाकर मटकी फोडने का क्रम शुरू किया। पहली मटकी चिकित्सा राज्यमंत्री भवानी जोशी ने फोडी।
बाद में देर तक अखाडों के साहसिक करतबों और ढोल-नगाडों की तेज आवाजों के बीच चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री और उनके साथी पहलवानों ने हैरतअंगैज करतब दिखाए। इस पर उत्साह के अतिरेक में भरे दर्शक वाह भई वाह, भवानी भाई वाह कहते हुए उल्लास बिखेरते रहे। जैसे ही भवानी जोशी ने प्रथम प्रयास में ही ३५ फीट ऊँची बंधी मटकी फोडी, पूरा कुशलबाग मैदान ’जय हो भवानी दादा‘ की तेज आवाजों के साथ करतल ध्वनि से गूंज उठा। मटकी फोडने का यह भवानी जोशी का लगातार बारहवां वर्ष है।
आरंभ में मारुति व्यायाम शाला और ट्रस्ट तथा अखाडों की ओर से कमल शर्मा, गिरजा महाराज, रमण टेलर, भरत जोशी आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह का संचालन बृजमोहन तूफान ने किया।
|