जयपुर। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा है कि शिक्षा के प्रकाश से प्रत्येक गांव और ढाणी को रोशन कर देश के भविष्य को संवारने में शिक्षकों की अहम भूमिका है। गुरुजनों को इस मिशन में सजगता एवं जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिन और शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में अपने संदेश में गहलोत ने कहा कि शिक्षा के बिना जिंदगी में अंधेरा है, ऐसे में सच्चे गुरु का वरदहस्त जीवन में अज्ञान के अभिशाप को सफलता के वरदान में बदल सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में सदियों से शिक्षकों के आदर और सम्मान की परम्परा चली आ रही है। इस अवसर पर हमें गुरु-शिष्य परम्परा को सशक्त और समृद्घ बनाते हुए देश एवं समाज की प्रगति में योगदान का प्रण लेना चाहिए। गहलोत ने शिक्षक दिवस पर सम्मानित हो रहे शिक्षकों को बधाई देते हुए आशा जताई कि इससे पूरे शिक्षक समुदाय को समर्पण और लगन के साथ अपने गुरुतर दायित्व को निभाने की प्रेरणा मिलेगी तथा वे भावी पीढी को चरित्रवान व सुसंस्कृत बनाने की जिम्मेदारी को गहरी प्रतिबद्घता के साथ निभाने का संकल्प लेंगे।