राजकीय सम्मान के साथ वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्व.रामनारायण शर्मा की अंत्येष्टि, अंतिम यात्रा में उमडा जन सैलाब, लोगों ने श्रद्धा से किया नमन्
बीकानेर, जंगे आजादी के अग्रदूत रहे वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्व.रामनारायणजी शर्मा का आज राजकीय सम्मान के साथ विधिविधान पूर्वक अंतिम संस्कार कर दिया गया। शोकाकुल माहौल के बीच हुई उनकी अंत्येष्टि के मौके पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के अलावा विभिन्न संगठनों, शिक्षा साहित्य और पत्रकारिता जगत के प्रतिनिधियों समेत बडी तादाद में गणमान्य जन मौजूद थे। जानकारी में रहे कि वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी रामनारायण जी शर्मा का निधन शनिवार अपरान्ह हो गया था।
आज राजकीय सम्मान के साथ निकली दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी की अंतिम यात्रा में जन सैलाब उमड पडा, अंतिम यात्रा के दौरान रास्ते में लोगों ने उनकी पार्थिव देह को नमन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वैद्य मघाराम भवन से निकली उनकी अंतिम यात्रा जस्सूसर गेट, मालियों का मोहल्ला और गजनेर रोड होते हुए सारस्वत समाज के दाह संस्कार घाट पहुंची, जहां मातमी धुन के बीच राजस्थान पुलिस के सशस्त्र दस्ते ने उनकी पार्थिव देह को सलामी देकर उनके सम्मान में 21 तोपे दागी। शोक मग्न माहौल में हुई दिवंगत रामनारायण शर्मा की पार्थिव देह को उनके प्रपौत्र कृष्णा शर्मा ने मुखाग्नि दी।
अंत्येष्टि से पहले दिवंगत रामनारायण शर्मा की तिरंगें में लिपटी पार्थिव देह आज सुबह यहां जस्सूसर गेट के बाहर उनके पृथक निवास वैद्य मघाराम भवन के बाहर रखी गई। इस दौरान राजस्थान पुलिस के सशस्त्र दस्ते की ओर से उन्हें मार्चपास्ट की सलामी दी गई तथा राजस्थान सरकार की तरफ से मुख्य सचेतक वीरेन्द्र बेनीवाल तथा प्रशासन की तरफ से अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र मिश्रा एवं पुलिस प्रशासन की तरफ से अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) सतीश जांगीड ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इनके अलावा स्वतंत्रता सेनानी झंवर लाल हर्ष, हीरा लाल शर्मा व सत्यनारायण हर्ष, सांसद अर्जुन राम मेघवाल, विधायक देवी सिंह भाटी, विधायक गोपाल जोशी, महापौर मकसूद अहमद, राजस्थान खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा, जर्नादन कल्ला, गोपाल गहलोत, शशि शर्मा, हीरालाल हर्ष, पूर्व विधायक आर.के.दास गुप्ता, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष सोमचंद सिंघवी, हीरालाल हर्ष, अरविन्द मिढ्ढा, वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के.दास गप्ता, वरिष्ठ पत्रकार अभय प्रकाश भटनागर, तहसीलदार रामेश्वर सिंह, पूर्व सभापति चतुर्भुज व्यास, वरिष्ठ पत्रकार अशोक माथुर, सीओ सिटी मुरलीधर किराडू, मोहम्मद रमजान मुगल, मुश्ताक भाटी, सत्यप्रकाश आचार्य, राज अभिलेखागार के निदेशक डॉ.महेन्द्र खडगावत, सहायक निदेशक जनसम्फ विभाग दिनेश सक्सेना, डॉ.मिर्जा हैदर बैग, ललित आजाद, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.देवेन्द्र अग्रवाल व डॉ.अविनाश कल्ला, डॉ.एन.के.सोनी, डॉ.आर.के. श्रीवास्तव एवं अनवर अजमेरी, पूर्व पार्षद परमानंद ओझा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बडी तादाद में मौजूद शहर के गणमान्य जनों और दिवंगत रामनारायणजी के घर परिवार एवं समाज के लोगों ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।