सुरेश पण्डित, राष्ट्रीय समता सम्मान से सम्मानित होंगे
5 Jan
2009
पण्डित शिक्षक, लेखक, पत्रकार व समाजकर्मी
उदयपुर। शिक्षक, लेखक, पत्रकार व समाजकर्मी सुरेश पण्डित को नवा राष्ट्रीय समता लेखक सम्मेलन में राष्ट्रीय समता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मेलन का आयोजन 9, 10 व 11 जनवरी, 2009 में जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय, प्रतापनगर में किया जा रहा है। समता संदेश के सम्पादक व आयोजन सचिव प्रो. हेमेन्द्र चण्डालिया ने बताया कि सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में वयोवृद्ध साहित्यकार तथा पूर्व सांसद रत्नाकर पाण्डे (बनास) आई.पी.एस. व अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय के कुलपति विभूति नारायण राय, समाजवादी चिन्तक रघु ठाकुर, समाजकर्मी सुरेश पण्डित को शॉल ओढाकर सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह की अध्यक्षता जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय के कुलपति लोकेश भट्ट करेंगे। महावीर समता संदेश के प्रधान सम्पादक हिम्मत सेठ ने बताया कि सुरेश पण्डित के पहले साहित्यकार नन्द चतुर्वेदी व प्रो. जमनालाल दशोरा राष्ट्रीय समता सम्मान से सम्मानित हो चुके है। समता संदेश द्वारा हर वर्ष आयोजित राष्ट्रीय समता लेखक सम्मेलन में इस वर्ष वैकल्पिक दुनिया बनाने में कार्ल माक्र्स, महात्मा गांधी, डॉ. राम मनोहर लोहिया और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों की भूमिका रखा गया है। यह सम्मेलन महावीर समता संदेश, जनार्दन राय नागर राजस्थान
विद्यापीठ विश्वविद्यालय, प्रतापनगर व गांधी मानव कल्याण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इन्स्ट्ीटयूट ऑफ इंजीनियरर्स के उदयपुर चेप्टर व एम.आई. बी. अध्ययन प्रोग्राम सुखाडया विश्वविद्यालय का सहयोग भी मिल रहा है।
सम्मेलन का समापन झाडोल तहसील के ओगणा गांव में गांधी मानव कल्याण सोसायटी के परिसर में किया जाएगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. भवानी शंकर गर्ग, चांसलर जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय होंगे तथा अध्यक्षता डॉ. रामशरण जोशी उपाध्यक्ष, केन्द्रीय हिन्दी संस्थान, आगरा करेंगे व विशिष्ट अतिथि पत्रकार कुमार प्रशान्त सम्पादक सर्वोदय जगत, मुम्बई होंगे।
|