परशुराम जयंती समारोह
सूरतगढ, (विकास यादव) ब्राह्मण धर्मशाला में ब्राह्मण महासभा की श्री परशुराम जयंती समारोह को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा संरक्षक भजनलाल शर्मा ने की। अध्यक्ष किशनलाल पारीक ने बताया कि 7 मई के सायं 7.3॰ बजे प्रत्येक ब्राह्मण बंधु के घर पर दीपमाला सजाकर प्रकाश करने, रात्रि 8 बजे समस्त ब्राह्मण घरों में थाली बजाने का निर्णय लिया गया। समाज व अन्य संस्थाओं ने भगवान की परशुराम की शोभायात्रा मार्ग पर 45 स्वागत बैनर लगाये जाएंगे। शोभा यात्रा में काशी विश्वनाथ समिति द्वारा सुन्दरकाण्ड का पाठ किया जाएगा। इसी तरह भगवान श्री परशुराम के आदमकद 3 कट आउट स्थापित भी किए जाएंगे। दुपहिया वाहन रैली के बारे में सुरेश मिश्रा, एडवोकेट दयाशंकर शर्मा, रामप्रताप तिवाडी को नेतृत्व सौंपा गया। संयोजक आत्माराम शर्मा ने शोभायात्रा की झांकियों के बारे में जानकारी दी। भगवान श्री परशुराम व सप्तऋषि की संजीव झांकियों सहित पांच झांकियां निकालने का निर्णय लिया। बाबुलाल सारस्वत ने सभी ब्राह्मण बुधंओं से पूरे उत्साह से कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया।
सूरतगढ, (विकास यादव) राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) की उपशाखा की कार्यकारिणी की बैठक बुधवार 7 मई को अपराह्न एक बजे पंचायत समिति सभागार में होगी, जिसमें ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय सूरतगढ में व्याप्त अनियमितताओं को दूर करने हेतु रणनीति बनाई जावेगी तथा मुद्दों पर चर्चा होगी।
घर-घर से कचरा संग्रहण कार्य शुरू
सूरतगढ, (विकास यादव) नगरपालिका द्वारा घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रारम्भिक स्तर पर यह व्यवस्था 12 वार्डों में लागू की गई है। नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी भंवरलाल सोनी ने बताया कि इस कार्य के अन्तर्गत स्वच्छता मित्र (रिक्शा चालक) प्रतिदिन लोगों के घरों पर पहुंचकर गीला व सूखा कचरा उठाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील भी की है कि वे अपने घर का गीला व सूखा कचरा घर के कचरा पात्र में इकट्ठा करें तथा स्वच्छता मित्र के आने पर उसे सौंप दें। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि शेष रहे वार्डों में यह व्यवस्था शीघ्र ही शुरू की जाएगी। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि जिन वार्डों में यह योजना लागू कर दी गई है उनमें अगर कोई मकान मालिक मुख्य सडक पर कचरा फैंकते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सक्षम न्यायालय में कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील की है।