हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर बैठक
5 Sep
2009

बीकानेर। हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं की हडताल, धरना, क्रमिक अनशन व वाहन रैली लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को अधिवक्ताओं को समर्थन देने धरना स्थल पहुंचे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ.बी.डी.कल्ला कांग्रेस प्रवक्ता बिट्ठल बिस्सा तथा मुन्ना भादाणी ने क्रमिक अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं को ज्यूस पिलाकर उनका अनशन तुडवाया तथा सात नये क्रमिक अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं में इमीलाल पूनिया, गोविंदराम डूडी, विजय गोदारा, हेमराज जाखड, शंकरलाल झोरड, रामरतन गोदारा, हरीराम मूंड को माला पहनाकर क्रमिक अनशन पर बैठाया। डॉ. कल्ला ने कहा कि आंदोलनकारी अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हडताल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आमजन को सस्ता व सुलभ न्याय मिले इसके लिए हाईकोर्ट बैंच की स्थापना बीकानेर में होनी चाहिए क्योंकि रियासतकाल में यहां हाईकोर्ट की बैच स्थापित थी तथा उसके लिए उपयुक्त भवन भी है। आंदोलन को लेकर अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन के सभागार में मार्गदर्शी समिति व संघर्ष समिति की संयुक्त बैठक में आंदोलन के आगामी चरणों रूपरेखा तैयार की। बैठक में मौन जुलूस, मशाल जुलूस सहित बीकानेर बंद के आह्वान से जुडे कई मुद्दों पर विचार विमर्श किया। बैठक में जिला बार एसोसिएशन के सभापति आर.के.दास गुप्ता, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित, मार्गदर्शी समिति के महबूब अली, संघर्ष समिति के दीपक गौड, संपूर्णानंद व्यास, ओमप्रकाश भादाणी आदि अधिवक्ता मौजूद थे।
|