डूंगरपुर ५ दिसंबर। जिला कलक्टर नीरज के.पवन ने जनजाति अंचल के विद्यार्थियों को राज्य सरकार की मंशाओं के अनुरूप प्रभावी कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षा विभाग व एजेन्सी प्रतिनिधि को सख्त निर्देश प्रदान किए हैं।
गत दिनों जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुण्डावाडा में निरीक्षण दौरान पिछले छः माहों से भण्डार कक्ष में धूल खा रहे कम्प्यूटरों की स्थिति को देखने के पश्चात जिला कलक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी मनोज शर्मा व कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान करने वाली ऐजेन्सी के प्रतिनिधि गिरीश पानेरी को पाबंद किया है कि जिले के समस्त ७२ विद्यालयों जहां पर कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान की जा रही है, वहां पर प्रावधानों के अनुसार अध्यापन करवाया जाए। उन्हने यह भी सुनिश्चत करने को कहा है कि इन समस्त विद्यालयों में विद्यार्थियों के अनुपात में अपेक्षित क्षमता के कम्प्यूटर और कुशल कम्प्यूटर शिक्षक की उपलब्धता सुनिश्चत की जावें। प्रत्येक विद्यालय के संस्था प्रधान को एजेन्सी प्रतिनिधि की मांग पर कम्प्यूटर कक्ष की व्यवस्था करने और कम्प्यूटर शिक्षा सुचारू करवाने को कहा है। उन्होंने एक सप्ताह भर में समस्त विद्यालयों के कम्प्यूटर कक्षों के हाल सुधारने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने एजेन्सी प्रतिनिधि को विद्यार्थियों को कम्प्यूटर शिक्षा के तहत मात्र सैट्ठांतिक पढाई न करवाने और सत्तर फिसदी प्रायोगिक अध्यापन कराने के भी निर्देश प्रदान किए और शिक्षाधिकारी के साथ ही जिला सूचना विज्ञान अधिकारी डॉ.बीएल पितलिया को भी विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए कम्प्यूटर शिक्षा की स्थिति के संबंध में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए।