बीकानेर महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की 2010 में होने वाली मुख्य परीक्षा हेतु स्वयंपाठी विद्यार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन तिथि बढाने को लेकर छात्रों ने जमकर डूंगर कॉलेज में हंगामा मचाया। विद्यार्थियों ने कॉलेज व्याख्याताओं व कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और मुख्य दरवाजे पर ताला जड दिया। आक्रोशित छात्रों ने रसायन विज्ञान व जीव विज्ञान विंग में तोडफोड भी की। इससे एकबारगी अफरा तफरी मच गई और कॉलेज कार्मिक बाहर निकल आये। एनएसयूआई की कॉलेज शाखा के बैनर तले किये गये इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों का आरोप है कि पिछले दो दिन से स्वयंपाठी विद्यार्थियों के फार्म उपलब्ध नहीं थे। बार-बार कॉलेज प्रशासन को इस बारे में अवगत कराने के बाद भी शुक्रवार को फार्म आये और शनिवार परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि रखी गयी है। ऐसे में सैकडों विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरने के लिये दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर है। छात्रों ने रोष जताया कि कॉलेज के कार्मिक भी सहयोग नहीं कर रहे है। आवेदन लेने वाली खिडकियां दो घंटे तक बंद रहती है, जिससे विद्यार्थियों की लम्बी-लम्बी कतारें लग जाती है। आक्रोशित छात्रों ने सभी संकायों के मुख्य दरवाजे पर ताले बंदी कर विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। घटना की जानकारी मिलते ही व्यास कॉलोनी एसएचओ आमीर हसन मय जाब्ते के साथ पहुंचे और उन्होंने छात्रों को समझाइश की कोशिश की परंतु छात्र परीक्षा आवेदन तिथि को आगे बढाने के लिये अडे रहे। पुलिस अधिकारी ने विवि प्रशासन से वार्ता की तो उन्होंने स्थिति के अनुसार तिथि आगे बढाने की बात कही। पुलिस ने आंदोलन कारी छात्रों को आश्वस्त किया कि विवि प्रशासन आपकी मांग पर विचार कर रहा है। अगर आज विद्यार्थी फार्म से वंचित रह जाते है तो तिथि आगे बढाने पर विचार किया जायेगा तब जाकर मामला शांत हुआ। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण अंतिम तिथि को अपना फार्म करवाने आई कॉलेजी छात्राओं को भी खासी परेशानी उठानी पडी।