जयपुर, आठ से 11 जनवरी तक सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्योग संवर्धन पार्क में आयोजित होने वाले पत्थर उद्योग के मेगा शो ’’इण्डिया स्टोन मार्ट-2009’’ की तैयारिय अंतिम चरणों में हैं। देश-विदेश से आए पत्थर उद्योग के जाने-माने प्रतिभागी इसको सफल बनाने में दिन-रात जुटे हुए हैं।
सेन्टर फॉर डवपलमेंट स्टोन्स (सी.डोस) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर.के. गुप्ता ने बताया कि पत्थर उद्योग की हस्तियां प्रदर्शन स्थल पर अपने-अपने स्टाल्स तथा पेवेलियन को अन्तिम रूप देने में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस बार देश-विदेश से प्राप्त हुए प्रतिभागियों के रुझान से इस बार रिकार्ड व्यापार होने की आशा है। पत्थर उद्योग के क्षेत्र में यह प्रदर्शन मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि मेले का आधारभूत ढांचा आकर्षण का प्रमुख केन्द्र होगा। इस बार प्रदर्शनी में पेवेलियन को दो भागों में बांटा गया है जिसमें प्रतिभागियों तथा दर्शकों को कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी स्थल पर बन रहे शिल्पग्राम की तैयारियां भी अंतिम रूप में हैं। देश के कोने-कोने से आए हस्तशिल्पी अपने उत्पादों को सुन्दर एवं आकर्षक रूप से प्रस्तुत करने में लगे हुए हैं। प्रतिष्ठित कम्पनी टेन इण्डिया ने प्रदर्शनी स्थल पर अपना सुन्दर पेवेलियन का निर्माण किया है।
गुप्ता ने बताया कि देश के 14 राज्यों के प्रतिनिधि यहां अपनी स्टाल्स लगा रहे हैं तथा सात देशों के पत्थर उद्योग के प्रतिनिधि इसम शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों को कोई भी असुविधा न हो, इसके लिए आयोजनकर्ताओं ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।