जिला कलक्टर श्रेया गुहा ने कहा है कि पल्स पोलियो अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम है, इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ सभी सामाजिक, स्वयं सेवी संस्थाएं भागीदारी निभाएं तथा अधिकाधिक बच्चों को पोलियो मुक्ति के लिए दवा पिलाए। वे बुधवार को पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की द्वितीय मीटिंग की अध्यक्षता कर रहीं थ। उन्होंने पल्स पोलियों की वैक्सीन शत प्रतिशत बच्चों को पिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य में कोताही नहीं बरतने की भी हिदायत दी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.सी.बी. धानावत ने बताया कि बीकानेर जिले में पल्स पोलियों की दवाई के 498 शहरी और 989 ग्रामीण बूथ बनाए गए है जिसमें 4 लाख 10 हजार बच्चों को पल्स पोलियों की दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 5598 कार्यकर्ता और 300 सुपरवाइजर अपनी सेवाएं देंगे। स्थानीय सामाजिक एवं स्वयं सेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर पोस्टर और बैनर वितरण कार्य किया जा चुका है। गुरुवार 7 जनवरी से 10 जनवरी तक पूरे बीकानेर में कार्यक्रम का सघन प्रचार प्रसार किया जाएगा जिससे शत प्रतिशत बच्चे इससे लाभान्वित हो सकें। ब्लॉक स्तर पर भी व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा जिससे कोई भी बच्चा दवाई से वंचित नहीं रहे। बैठक में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौधरी, जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सोहन लाल गोदारा, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) सागर मल शर्मा व अन्य अधिकारी हिस्सा लिया।