पूर्व विधायक, मजदूर नेता व स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री गोकुल प्रसाद पुरोहित की बाइसवीं पुण्यतिथि आज गोकुल तिराहा नत्थूसर गेट पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। बीकानेर शहर जिला काँग्रेस कमेटी व स्वर्गीय गोकुल प्रसाद पुरोहित स्मारक समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बीकानेर शहर जिला काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जनार्दन कल्ला ने कहा कि गोकुल प्रसाद पुरोहित सच्चे अर्थों में जन नेता थे जिन्हने कार्यकर्ताओं व नेताओं की फौज तैयार की व बीकानेर में राजनैतिक चेतना का संचार किया। कल्ला ने कहा कि जिस काँग्रेस का बीज गोकुल प्रसाद जी बीकानेर में बोया था आज वह एक विशाल वृक्ष का रूप धारण कर चुका है। इस अवसर पर बोलते हुए गोकुल प्रसाद पुरोहित के अग्रज भ्राता व वरिष्ठ काँग्रेसी नेता चाँदरतन पुरोहित ने कहा कि गोकुल प्रसाद पुरोहित के बताए मार्ग पर चल कर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। श्री पुरोहित ने कहा कि प्रत्येक कॉग्रेसी के मन में यह विचार पैदा हो कि वो काँग्रेस का ही सिपाही र्है। पुरोहित ने कहा कि काँग्रेस किसी की व्यक्तिगत जागीर नहीं है। इस अवसर पर खादी व ग्रामोद्योग बोर्ड, राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष श्री भवानीशंकर शर्मा के भेजे गए संदेश का वाचन खूमराज पंवार द्वारा किया गया।