डूंगरपुर ६ सितम्बर/ नगरपालिका डूंगरपुर के अध्यक्ष शंकरसिंह सोलंकी ने कहा है कि पर्यावरणीय स्वच्छता की दृष्टि से पौधों का रोपण और संरक्षण बेहद आवश्यक है, शिक्षक समाज विद्यार्थियों के माध्यम से इसके प्रति चेतना जगाने का प्रयास करें ।
सोलंकी ने यह विचार गुरुवार को शहर के नवीन सब्जी मण्डी के समीप स्थित सर्व शिक्षा अभियान के ब्लॉक संदर्भ केन्द्र प्रभारी कार्यालय परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा को सर्वसुलभ और बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए मुख्यमंत्री शिक्षा संबल महाअभियान के तहत भी बडी तादाद में पौधरोपण हुआ है और यह अच्छा संकेत है कि सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से पौधरोपण कार्यक्रम को प्राथमिकता के तौर पर लिया जा रहा है। उन्होंने अभियान से जुडे अधिकारियों व कार्मिकों से आह्वान किया कि अभियान के दौरान रोपित पौधों के संरक्षण के प्रयास करें।
इस अवसर उन्होंने कार्यालय परिसर में सीता अशोक का पौधा रोपा और इसका संींचन किया। सर्व शिक्षा अभियान के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी परिसर में राज्य वृक्ष खेजडी, राज्य पुष्प रोहिडा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपते हुए इनके संरक्षण का संकल्प लिया।
आरंभ में नगरपालिकाध्यक्ष सोलंकी के यहां पहुंचने पर ब्लॉक संदर्भ केन्द्र प्रभारी तेजसिंह चुण्डावत ने स्वागत किया और अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों में हुए पौधरोपण की जानकारी दी।
पौधरोपण कार्यक्रम दौरान सहायक परियोजना समन्वयक मोहनलाल पाटीदार, कनिष्ठ अभियंता रमेशचंद्र पाटीदार, आरपी भूपेन्द्रसिंह देवला, पर्यटन केन्द्र के वीरेन्द्रसिंह बेडसा व संकुल प्रभारी बसन्त मेनारिया सहित ब्लॉक के समस्त संकुल प्रभारी और अन्य कार्मिक मौजूद थे।