बीकानेर,६ अक्टूबर। जिला कलेक्टर आलोक गुप्ता ने कहा है कि जन सहभागिता से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा सकता है ।
गुप्ता शनिवार को ‘दीनदयाल उपाध्याय आदर्श ग्राम योजना‘ के तहत चयनित सींथल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकांश ग्रामों में कुछ आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। जनसंख्या के बढते दबाव के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, बिजली, सडकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं आदि मूलभूत सुविधा की मांग निरन्तर बढ रही है। लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक सुविधा मिले और उनके जीवन स्तर में सुधार हो, इसके लिए ‘दीनदयाल उपाध्याय आदर्श ग्राम योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकता एवं सहभागिता के आधार पर सींथल का विकास होगा।
जिला कलेक्टर ने निर्मल गांव सींथल की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार से निर्मल गांव के रूप में राजस्थान में सींथल ने प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव प्राप्त किया ह, उसी जोश के साथ आदर्श गांव बनकर उदाहरण पेश करना होगा। उन्होंने सींथल आदर्श गांव बने इसके लिए आपसी विवाद स्थानीय स्तर पर समझोते से निपटाने और बाल-विवाह एवं मृत्यु भोज की कुप्रथा रोकने पर बल दिया।
जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमानदान बिठ्ठू ने कहा कि योजना के तहत आगामी तीन वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से सींथल का विकास होगा। पहले साल करीब ४० लाख रूपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजे जायेगे। जिनमें से करीब २० लाख रूपये की स्वीकृति मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास कार्यो पर ९० प्रतिशत राशि सरकार वहन करेगी और १० प्रतिशत राशि जन सहभागिता अथवा श्रम के रूप में ग्रामीण वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उक्त अवधि में गांव के विभिन्न मौहल्लों से गंदे पानी की निकासी, खरंजा सडक निर्माण, दो आंगनबाडी केन्द्रों का निर्माण तथा श्मशान भूमि के लिए राशि का प्रावधान रखा गया है। बीकानेर पंचायत समिति के प्रधान तुलसीराम मूढ ने ग्रामीणों को एक जुट होकर गांव के विकास भागीदारी निभाने पर जोर दिया। डॉ.कुलदीप बिठ्ठू ने अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया।
समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक अशोक राठौड विशिष्ट अतिथि के रूप में और विकास अधिकारी हजारी लाल, उपनिदेशक डॉ.करतार सिंह, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मनोज शर्मा, शान्ति मैत्री के सचिव कपिल गौड, पूर्व सरपंच गुमान सिंह बिठ्ठू, महावीर सिंह चारण, वार्ड पंच रामचन्द्र, चांददान सहित गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।