अजमेर शहर का कायाकल्प होगा-शिक्षा राज्यमंत्री 6 Dec
2007
शिक्षा राज्य मंत्री प्रो.वासुदेव देवानानी ने कहा कि अजमेर शहर का कायाकल्प हो रहा है तथा आगामी २६ जनवरी पूर्व विकास की दृष्टि से इस शहर का नक्शा बदल जाएगा।
जयपुर, 6 दिसंबर । शिक्षा राज्य मंत्री प्रो.वासुदेव देवानानी ने कहा कि अजमेर शहर का कायाकल्प हो रहा है तथा आगामी २६ जनवरी पूर्व विकास की दृष्टि से इस शहर का नक्शा बदल जाएगा।
प्रो.देवनानी आज अजमेर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामनगर के सर्व शिक्षा अभियान के तहत आठ लाख रूपये की लागत से बनने वाले भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में गत चार वर्षो में पचास हजार नये स्कूल खोलकर कीर्तिमान स्थापित किया है तथा नए प्राथमिक विद्यालय भवन हेतु तीन तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन हेतु सवा चार लाख रूपये की राशि भी तत्काल उपलब्ध कराई है।
उन्होंने कहा कि यह स्कूल भवन अगले शिक्षा सत्र से पहले बनकर तैयार हो जाएगा तथा इसी नए सत्र से इसमें कक्षाएं लगना प्रारंभ होंगी। प्रथम चरण में १.३५ लाख रूपये की राशि आवंटित की है। माध्यमिक व सीनियर सैकण्ड्री स्कूल में भी नये कक्षा-कक्ष व भवन निर्माण हेतु राज्य में ९० करोड रूपये की राशि आंवटित की है। अजमेर शहर के स्कूलों के लिए एक करोड तथा इस संभाग के स्कूलों हेतु साढे पांच करोड रूपये की राशि उपलब्ध कराई है।
प्रो.देवनानी ने राजकीय बालिका सीनियर सैकण्ड्री स्कूल में हो रहे कक्षा-कक्ष के निर्माण हेतु अपने विधायक कोष से दो लाख रूपये की राशि देने की घोषणा की।
शिक्षा राज्यमंत्री ने शिक्षकों का आव्हान किया कि वे स्कूलों में बच्चों के ठहराव के लिए अपने व्यक्तिगत प्रयास करें। सरकार निःशुल्क शिक्षा,पाठय पुस्तकें तथा उच्च प्राथमिक स्कूल तक के छात्र-छात्रओं को मिड-डे मील उपलब्ध करवा रही हैं। उन्होंने शिक्षकों से स्कूलों में विकास कार्य कराने हेतु भामाशाहों की भी सेवाएं लेने को कहा।
समारोह की अध्यक्षता नगर परिषद के सभापति श्री धर्मेन्द्र गहलोत ने की। इस मौके पर पार्षद श्री अजय वर्मा,श्रीमती सुलोचना,श्रीमती तारा देवी साहू, न्यास के सदस्य सर्वश्री वीरेन्द्र बहल,अरविन्द यादव,संजय खंडेलवाल,सुरेन्द्र गोयल,यशोदानंदन चौहान भी मौजूद थे।
शिक्षा राज्य मंत्री ने भूमि पूजन कर भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने वार्ड नं. ३ में सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया।