बीकानेर। चक 481 से 486 आरडी के काश्तकारों ने आज इंदिरा गांधी नहर परियोजना के मुख्य अभियंता का घेराव किया। काश्तकारों ने सिंचाई और पीने के पानी दिलवाये जाने की मांग को लेकर संभागीय आयुक्त व आईजीएनपी के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
जन किसान पंचायत के नेतृत्व में काश्तकारों ने नहर विभाग के मुख्य अभियंता का घेराव कर पिछले चार महीनों से सिंचाई और पीने के पानी नहीं दिये जाने पर रोष जताया।
संगठन के संरक्षक एडवोकेट जे.एन. व्यास के अनुसार मुख्य अभियंता ने काश्तकारों की समस्या को सुना तो जरूर लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिस पर सभी काश्तकार संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे और वहां संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देकर आपबीती सुनाई।
एड.व्यास के अनुसार चक 481 से 486 तक पीने का पानी भी नहीं दिया जा रहा है। जिससे गरीब किसान व उनके परिजनों और पशुधन को भयंकर परेशानी झेलनी पड रही है। इसके साथ ही खेतों में हो रही फसले भी बर्बादी के कगार पर पहुंच गयी है। काश्तकारों ने अपने ज्ञापन में प्रशासन को चेतावनी दी कि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अनिश्चित कालीन धरना दिया जायेगा।