जयपुर, ७ अक्टूबर। राज्यपाल श्री एस.के.सिंह ने शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे नई पीढी के विद्यार्थियों को देश एवं प्रदेश के इतिहास की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि जिन चीजों को हम भूल गए है उन्हें याद कराना ही शिक्षा है।
राज्यपाल रविवार को उदयपुर के भूपाल नोबल्स संस्थान में विद्या प्रचारिणी सभा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में जनसमुदाय को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महाराणा भूपाल सिंह जी प्रभावशाली शासक के साथ जनसेवक भी थे जिन्होंने समर्पण भाव से सभी को साथ लेकर देश एवं समाज की सेवा की। साथ ही यहां की स्त्रियों ने भी वीरता का परिचय देते हुए जोहर कर बलिदान का इतिहास रच दिया था। संस्थान में नई पीढी के बच्चों को ऐसा पाठ पढाया जाए ताकि छात्र आत्मशक्ति एवं आत्मनिर्देश से कमजोर वर्ग के लिए कुछ कर सकें।
राज्यपाल ने कहा कि आज के परिप्रेक्ष्य में विज्ञान वर्ग के बालकों को परमाणु मिसाइल एवं अंतरिक्ष की विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए जो कि आज की महती जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत में जल सेना की ओर नवयुवक प्रेरित नही होते हैं उसका इतिहास गवाह है इसका देश को नुकसान भी उठाना पडा है। ऐसे में नौ सेना के साथ जल एवं वायुसेना की ओर भी युवाओं को प्रेरित करना चाहिये।
उन्होंने कहा कि बालकों को इतिहास की जानकारी कराने से उनमें आत्मविश्वास एवं निर्भरता का भाव पैदा होगा तभी संस्थान अपने नाम के अनुरूप सार्थक होगा।
समारोह में संभागीय आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि बी.एन.संस्थान का इतिहास का काफी अच्छा रहा है। संस्थान ने अपनी ८४ वर्ष की अवधि में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक गतिविधियों से यह साबित कर दिया है कि यह और संस्थानों से बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा देने की आवश्यकता बताई।
प्रारम्भ में संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री ओंैकारसिंह केलवा ने सभी का स्वागत किया तथा संस्थान का परिचय देते हुए संस्थान को स्वायत्तता प्रदान करने की जरूरत बताई।
रक्तदान के लिए बी.एन.संस्थान सम्मानित
रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के कारण लोकमित्र रक्तदान संस्थान द्वारा बी.एन. संस्थान को वर्ष २००६ के लिए महाराणा मेवाड संभागीय सम्मान से नवाजा है। यह सम्मान रविवार को राज्यपाल श्री एस.के. सिंह ने संस्थान के प्रबन्ध निदेशक तेजसिंह बांसी को प्रदान किया। उन्हें सम्मान में ११ हजार रुपयों का चैक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर लोकमित्र रक्तदान संस्था के महेन्द्र श्रीमाली भी उपस्थित थे। भूपालसिंह जी की मूर्ति पर माल्यार्पण राज्यपाल ने रविवार को बी.एन.संस्थान पहुंचते ही महाराणा भूपाल सिंह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होने संस्थान के पदाधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया। राज्यपाल को संस्थान की एन.सी.सी. इकाइयों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।