महिला साक्षरता एवं सशक्तिकरण पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित
8 Mar
2008
‘मेरी स्कूल’ कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने लिया निरक्षरों को साक्षर बनाने का संकल्प
महिला साक्षरता को समर्पित ‘पुष्प संस्थान’ की ओर से आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘ राजस्थान में महिला साक्षरता एवं सशक्तिकरण’ विषयक राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सांगानेर के दादाबाडी में आयोजित इस संगोष्ठी में जयपुर, टोंक, कोटा, नागौर, सीकर व झुंझुनूं जिलों से आई महिलाओं ने राजस्थान में महिलाओं की साक्षरता दर, उन्हें साक्षर बनाने संबंधी कार्यों व ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को साक्षर बना कर उन्हें महिला अधिकारों से अवगत करवाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
गोष्ठी में नागौर के डीडवाना की कल्पना ने बताया कि पुरुषों ही नहीं जब महिलाएं उनकी हर क्षेत्र में बराबरी कर रही हैं, तो हमें मिलकर ऐसी महिलाओं के लिए काम करना चाहिए, जो अक्षरज्ञान से वंचित हैं। गोष्ठी में साक्षरता के क्षेत्र में महिलाओं के बढते कदम को लेकर भी चर्चा की गई। झुंझुनूं से आई उषा ख्यालिया ने बताया कि झुंझूनूं जिले में महिलाओं ने जिस तेजी से साक्षरता में कदम बढाए हैं, उससे यह साबित होता है कि पुरुषों की तुलना में महिलाएं कहीं कम नहीं है। लेकिन अभी भी जरूरत है गांवों तक पहुंच कर उन महिलाओं को साक्षर करने की जिन्होंने कभी स्कूल तक नहीं देखी। गोष्ठी में सीकर से आई मनभरी देवी, मन्जु, शीलू मोयल, झुंझुनूं की इंदू, चावली देवी, सरबती देवी, सांगानेर की सुभिता, कमला नागिल, बडी (मुहाना) की रुकमणी शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर पुष्प संस्थान की ओर से ‘मेरी स्कूल’ कार्यक्रम को विस्तार देने की चर्चा भी की गई। इस कार्यक्रम के तहत पुष्प संस्थान की ओर से निरक्षरों को साक्षर बनाने, कच्ची बस्तियों में बच्चों को पढाने, ग्रामीण इलाकों में स्कूल जाने में असमर्थ बच्चों, अशिक्षित महिलाओं व पुरुषों को पढाने का कार्य किया जा रहा है। अपने वक्तव्य में संस्थान अध्यक्ष प्रभा देवी ने बताया कि जयपुर सहित टोंक, कोटा, नागौर, सीकर व झुंझुनूं में जगह-जगह ‘मेरी स्कूल’ कार्यक्रम का संचालन योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा व ज्यादा से ज्यादा लोगों को पढाने का संकल्प पूरा किया जाएगा। साथ ही भू*ण हत्या रोकने, महिलाओं को अधिकारों से वाकिफ करवाने तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम की संयोजक ममता भार्गव ने सभी जिलों से आई महिलाओं का आभार व्यक्त किया।
|