जयपुर। केन्द्रीय मंत्री, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सी.पी.जोशी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ की संज्ञा देते हुए अपेक्षा की कि पत्रकार को इलैट्रानिक तथा अन्य आधुनिक संचार माध्यमों की चुनौतियों को देखते हुए न केवल गुणात्मक रिपोर्टिग करनी होगी, वरन् सरकार द्वारा किए जा रहे जन हितकारी कार्यक्रमों को भी जन-जन तक पहुँचाना होगा। जोशी आज इन्दिरा गांधी पंचायती राज संस्थान म राजस्थान पत्रकार संघ (जार) तथा महात्मा ज्योतिराव फुले विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार संघ के राष्ट्रीय शिखर बैठक के उद्घाटन सत्र में अध्यक्षीय उद्बोधन दे रहे थे। केन्द्र सरकार के पंचायतीराज मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नरेगा जैसी राष्ट्रीय योजना के बारे में लोगों को विशाल स्तर पर जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि गांव के वे निर्धन और असहाय लोग, जो अपनी आजीविका के लिए मजबूरी में शहर आते हैं, वे अपने गांवों में ही रहकर रोजी-रोटी कमा सकें और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने इस सम्मेलन में देश भर से आए पत्रकारों से कहा कि उनकी समस्याओं के निराकरण में वे पूरा सहयोग देंगे। इस अवसर पर सूचना एवं पीआरओ निदेशक अमर सिंह राठौड, वरिष्ठ पत्रकार प्रभाष जोशी, गोपाल शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन कल 9 अगस्त को होगा।