हनुमानगढ ८ सितम्बर। माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार पीलीबंगा में हटाये गये अतिक्रमण के सम्बन्ध में समीक्षात्मक, पुर्नवास से सम्बंधित कार्यों एवं अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए शनिवार को जिला कलक्टर श्रीमती मुग्धा सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजित की गई। बैठक में व विभिन्न मार्गों के सौन्द्रर्यीकरण के लिए सडक व नालियों के निर्माण के अलावा पार्किंग व अन्य विकल्पों पर विचार करते हुए जिला कलक्टर ने सभी सम्बंधित विभागों को लोगों के लिए मौके पर बेहतर सुविधाओं के सृजन के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जिला कलक्टर ने इन सभी आवश्यक कार्यों के संचालन के लिए सभी विभागों से एक एक अधिकारी को शामिल करते हुए एक समन्वय समिति गठित करने के निर्देश दिए ताकि प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को नियोजित करते हुए कस्बे में लोगों को सुविधाए मुहैया कराई जा सके। इसके लिए नगरपालिका के पास विभिन्न मदों में उपलब्ध बजट के उपयोग के अलावा विधायक व सांसद कोष से पैसा लेने के बारे में चर्चा की गई।
अतिक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित खरलिया रोड पर विरासत योजना के तहत पीलीबंगा नगरपालिका के पास शेष २३ लाख ५० हजार की राशि से पेच वर्क, पार्किंग स्थल व नालियों के निर्माण कार्य को तत्काल आरम्भ करवाने के बारे में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए। इसके अलावा मोटर मार्केट गली व नेहरु धर्मशाला रोड पर सडक व नाली निर्माण के कार्यो के लिए आईडीएसएमटी योजना के तहत सरप्लस पडी राशि से कार्य करवाने के बारे में चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अतिक्रमण हटाए जाने से प्रभावित सभी क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नालियों का निर्माण करने के कार्यों को चिन्हित करते हुए कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्हने अतिक्रमण हटाए जाने के बाद मकानों की कतार के समीप मकान व गली नम्बर को दर्शाने वाले पत्थर के सुंदर व बडे संकेतांक लगाने के प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा ।
बैठक में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियन्ता ने विद्युत खम्भों को शिफ्ट करने के लिए एक्टीमेंट तथा मीटर शिफ्टिंग की प्रगति रिपोर्ट , भारत संचार निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने पोल व डीपी शिफ्टिंग तथा जलदाय विभाग के अधिकारियो ने पाइप लाइन बिछाने से सम्बन्धी आवश्यक कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता ने लोगों द्वारा अतिक्रमण हटवाने के लिए कट लगाकर छोड गए मकानों की सूची प्रस्तुत की। जिला कलक्टर ने इन चिन्हित अतिक्रमणों को सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिकता से हटाने के लिए अधिशाषी अधिकारी को निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में लोगों को मौके पर उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गईर्। साथ ही जिला कलक्टर ने अतिक्रमण हटाए जाने से दुकानविहीन हुए लोगों के पुनर्वास के लिए उनकों आठ गुणा दस की दुकानें उचित दर पर उपलब्ध कराने के सम्बंध में चिन्हित स्थानों पर प्लॉटिंग करने के लिए क्षेत्रीय उपनिदेशक श्री पीसी महावर, वरिष्ठ नगर नियोजक श्री जेबी जाखड तथा अधिशाषी अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने इसके लिए कमेटी का गठित कर प्रभावित लोगों को सूचीबद्ध कर शीघ्र लाभांवित करने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में स्वायत शासन विभाग के क्षेत्रीय उपनिदेशक श्री पी.सी. महावर, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) श्री हनुमान सिंह शेखावत, नगरीय विकास शाखा के प्रभारी व जिला कोषाधिकारी श्री पी.सी.खन्ना, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता श्री गुरनाम सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुशीला चौधरी, पीलीबंगा नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी श्री किशनाराम सेंगवा, हनुमानगढ नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी श्री विजय सिंह शेखावत, सहित जलदाय विभाग, बीएसएनएल व जोधपुर विद्युत वितरण निगम व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद थे।