बीकानेर, भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा के तत्वावधान में भारत को जानो प्रतियोगिता प्रथम चरण 9 सितम्बर को विभिन्न विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। परिषद् सचिव डॉ. राजेश धूडिया ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं में अपने देश के प्रति गर्व व समर्पण के भाव से जागृत करना है। हमारे बच्चे जिज्ञासु हो, उन्हें भारत की प्राचीन संस्कृति, इतिहास, भूगोल, विज्ञान तथा संतो ऋषियों एवं महापुरूषों के साथ-साथ प्राकृतिक संपदा, आधुनिक तकनीकों, उद्योग इत्यादि की जानकारी भी प्राप्त हो सके जिससे कि विश्वस्त हो कि आज भी हमारा भारत विश्व में किसी से कम नहीं है। भारत को जानो प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की जाती है। प्रथम चरण में सामान्य ज्ञान परीक्षा विद्यालयों में आयोजित की जाएगी। दूसरे चरण में प्रत्येक विद्यालय में प्रथम व द्वितीय आने वाले विद्यार्थियों से बनी टीमों के बीच प्रश्न मंच आयोजित किया जाएगा। इस चरण में विजेता विद्यालय की टीम प्रांत स्तर पर आयोजित प्रश्न मंच प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।